IPL 10: आज राजकोट में होगी लॉयंस और किंग्स के बीच जंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल के दसवें सीजन के 26 मैच में रविवार को गुजरात लॉयंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मुकाबला होगा। गुजरात के घरेलू मैदान राजकोट में खेले जाने इस मैच में दोनों टीमों के कई माहिर बल्लेबाजों के बीच कड़ी जंग देखने को मिलेगी। एक तरफ जहां गुजरात की टीम में सुरेश रैना, ब्रैंडन मैककुलम और ऐरोन फिंच जैसे धाकड़ बल्लेबाज हैं तो वहीं दूसरी तरफ पंजाब की टीम में ग्लेन मैक्सवेल, मार्क्स स्टोइनिस और पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ शतक जड़ चुके हाशिम अमला हैं।
दोनों के हैं बराबर अंक लेकिन पंजाब आगे
यदि अंकों के लिहाज से बात की जाए तो दोनों टीमों दो जीत के साथ चार-चार अंकों की बराबरी पर हैं। लेकिन पंजाब रनरेट के आधार पर गुजरात से ऊपर हैं। गुजरात अंक तालिका में आखिरी यानी आठवें पायदान पर है वहीं पंजाब छठे स्थान पर है। गुजरात लॉयंस ने शुक्रवार को मजबूत कोलकाता नाइटराइडर्स को उसके घरेलू मैदान पर मात दी थी। उस मैच में गुजरात के कप्तान सुरेश रैना ने 84 रन की बेहतरीन पारी खेली। इस जीत से निश्चित रूप से रैना की टीम का हौसला मजबूत हुआ होगा। वहीं किंग्स इलेवन को इस बात की तसल्ली होगी कि उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 198 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था बेशक उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। मुंबई के खिलाफ जहां अमला ने शतकीय पारी खेली वहीं कप्तान मैक्सवेल ने भी खुलकर बल्ला चलाया था। ऐसे में इन दोनों बल्लेबाजों से इस मैच में एक बार फिर अच्छी बल्लेबाजी करने की आशा होगी।
गेंदबाजी दोनों ही टीमों के लिए चिंता का सबब
गुजरात लॉयंस के एंड्रयू टाय ने तीन मैचों में हैट्रिक सहित सात विकेट लिए हैं और उनकी स्ट्राइक रेट 7.08 रही है। आराम के बाद टीम में वापसी करने वाले रविंद्र जडेजा का गेंदबाजी में प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। वह चार मैचों में सिर्फ एक विकेट हासिल कर सके हैं। इसी तरह प्रवीण कुमार का इकॉनोमी रेट पांच मैचों में 10.32 का है। केरल के बासिल थंपी का इकॉनोमी रेट 8.88 रहा है लेकिन डेथ ओवरों में यार्कर फेंकने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
गुजरात लॉयंस: सुरेश रैना (कप्तान), अक्षदीप नाथ, शुभम अग्रवाल, बासिल थंपी, ड्वेन ब्रावो, चिराग सूरी, जेम्स फॉकनर, ऐरोन फिंच, मनप्रीत गोनी, इशान किशन, रविंद्र जडेजा, धवल कुलकर्णी, शिविल कौशिक, दिनेश कौशिक, प्रवीण कुमार, ब्रैंडन मैककुलम, मुनाफ पटेल, प्रथम सिंह, जैसन राय, शादाब जकाती, प्रदीप सांगवान, शैली शौर्या, नाथू सिंह, ड्वेन स्मिथ, तेजस बरोका, एंड्रयू टाय।
किंग्स इलेवन पंजाब : ग्लेन मैक्सवेल (कप्तान), डैरेन सैमी, हाशिम अमला, शॉन मार्श, इयोन मोर्गन, मार्टिन गुप्टिल, इशांत शर्मा, ऋद्धिमान साहा, अनुरीत सिंह, मनन वोहरा, वरुण ऐरोन, डेविड मिलर, मोहित शर्मा, गुरकीरत सिंह, संदीप शर्मा, अक्षर पटेल, मार्क्स स्टोइनिस, मैट हेनरी, निखिल नायके, राहुल तेवतिया, टी नटराजन, स्वप्निल सिंह, केसी करियप्पा, प्रदीप साहू, रिंकू सिंह और अरमान जाफर।