इन दिनों विराट कोहली जब भी मैदान पर उतरते हैं तो रिकॉर्ड्स बुक के हर पन्ने पर अपना नाम लिखवाने की हसरत से बल्ला चलाते हैं। शनिवार को इस भारतीय कप्तान ने वह कारनामा कर दिखाया जो आजतक दुनिया का कोई कप्तान न कर सका।
पुणे में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वन-डे में 110 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से अपने वनडे करियर का 38वां शतक पूरा किया। होल्डर की गेंद में सिंगल लेते ही वे एक वन-डे सीरीज में लगातार तीन शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी और दुनिया के एकमात्र कप्तान बन गए।
वनडे मैचों में लगातार सबसे ज्यादा शतक बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगाकार के नाम है जिन्होंने 26 फरवरी 2015 से लेकर 11 मार्च 2015 के बीच लगातार 4 सेंचुरी लगाई थीं। उन्होंने बांग्लादेश, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड के खिलाफ ये शतक लगाए थे।
लगातार तीन शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में पाकिस्तान के जहीर अब्बास, सईद अनवर, बाबर आजम, साउथ अफ्रीका के हर्शल गिब्स, एबी डीविलियर्स, क्विंटन डी कॉक, न्यूजीलैंड के रॉस टेलर और इंग्लैंड के जेसन बेयरस्टो शामिल हैं। इस सूची में जगह बनाने वाले कोहली पहले भारतीय बल्लेबाज हैं।
घरेलू मैदान पर यह कोहली की लगातार चौथी वनडे सेंचुरी थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में तीन सेंचुरी से पहले कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में 106 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेली थी।