INDvsENG: इंग्लैंड के इस बल्लेबाज को बुमराह का खौफ, मैच से पहले कही ये बात
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच फरवरी से टेस्ट सीरीज की शुरुआत होगी। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला चेन्नई में होगा। इसके लिए दोनों टीमें यहां पहुंच चुकी हैं। वहीं, इस बीच इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर बयान दिया है। वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उन्होंने कहा है कि वह (बुमराह) एक कठिन गेंदबाज हैं। उनकी गेंदबाजी का सामना करने के लिए योजना बनाने की जरूरत होगी।
रोरी बर्न्स ने कहा है कि, बुमराह का सामना करना वाकई कठिन होगा। वह एक अलग किस्म के गेंदबाज हैं। उनकी गेंदबाजी का सामना करने के लिए पहले से तैयार रहना होगा और इसके लिए खास प्लानिंग करनी पड़ेगी। मैंने उन्हें हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए देखा है। वह सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करते हैं। भारतीय सरजमीं पर उनकी गेंदबाजी का सामना करना एक प्रकार की चुनौती होगी।
बर्न्स ने कहा कि जहां तक मुझे लगता है कि बुमराह की अगुवाई वाले भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को देखते हुए आगामी टेस्ट सीरीज के लिए मेजबान टीम स्पिनरों के अनुकूल विकेटों के बजाय तेज गेंदबाजों को मदद पहुंचाने वाले विकेट तैयार करवा सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को देखते हुए हो सकता है कि विकेट थोड़ा तेज गेंदबाजों के अनुकूल हो। इसके अलावा उन्होंने स्पिन गेंदबाजी को लेकर भी अपनी बात रखी।
वहीं, रोरी बर्न्स ने इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की अपने खिलाड़ियों को नस्लवाद रोधी ट्रेनिंग देने की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हम इसके लिए लोगों को जागरूक कर सकते हैं। यह खेल अहम है और यह देखना अच्छा है कि पेशेवर क्रिकेटर संघ और ईसीबी खिलाड़ियों को शिक्षित करने के लिये इसे जरूरी कर रहे हैं। मुझे लगता है कि इससे विविधता बढ़ेगी और यह मेरे लिये सकारात्मक चीज है।'
भारत पहुंची इंग्लैंड की टीम को छह दिन तक पृथकवास पर रहना पड़ेगा और इस कारण उसकी टीम को पांच फरवरी से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व अभ्यास के लिए केवल तीन दिन का समय मिलेगा। दो फरवरी से अभ्यास शुरू करेंगी टीमों का कोरोना टेस्ट भी होगा। पहला टेस्ट पांच फरवरी से और दूसरा 13 फरवरी से खेला जाएगा। बता दें कि इंग्लैंड ने टीम इंडिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी। इस टीम में जोफ्रा आर्चर, बेन स्टोक्स और रोरी बर्न्स की वापसी हुई है। वहीं, जॉनी वेयरस्टो, सैम करन और मार्क वुड को आराम दिया गया है।