India Tour Of Ireland: आयरलैंड दौरे पर लक्ष्मण होंगे टीम इंडिया के हेड कोच, बतौर सपोर्ट स्टाफ रह सकते हैं ये दिग्गज, जानें
लक्ष्मण की देखरेख में टीम इंडिया आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैच खेलेगी। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लक्ष्मण ने अपना सपोर्ट स्टाफ भी चुन लिया है। लक्ष्मण के साथ एनसीए के बाकी कोच सपोर्ट स्टाफ के तौर पर मौजूद रह सकते हैं।
विस्तार
इस टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया नॉर्थेम्पटनशायर और डर्बीशायर के खिलाफ दो प्रैक्टिस मैच खेलेगी। टीम इंडिया की सीमित ओवर टीम जब ये प्रैक्टिस मैच खेल रही होगी, तो साथ ही में भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच भी चल रहा होगा। ऐसे में लक्ष्मण और उनके स्टाफ दो प्रैक्टिस मैचों के लिए इंग्लैंड में ही रुक सकते हैं। द्रविड़ के एनसीए अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद ही लक्ष्मण एनसीए के डायरेक्टर बने थे। लक्ष्मण भारतीय अंडर-19 टीम के साथ वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज भी गए थे। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया चैंपियन बनी थी।
यह पहली बार नहीं है जब भारत की दो टीमें बनी हों। इससे पहले पिछले साल भारत की एक टीम इंग्लैंड दौरे पर गई थी और दूसरी टीम श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज खेलने गई थी। इस टीम की कप्तानी शिखर धवन कर रहे थे। तब भी मुख्य कोच रवि शास्त्री टेस्ट टीम के साथ इंग्लैंड गए थे और तब एनसीए अध्यक्ष रहे द्रविड़ बतौर कोच श्रीलंका दौरे पर गए थे।