Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IND vs PAK Final Head to Head Record: How many times India Win Against Pakistan in Finals Stats

IND vs PAK: फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा नहीं है भारत का रिकॉर्ड, 18 साल से नहीं मिली है सफलता

Sun, 28 Sep 2025 12:49 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Sun, 28 Sep 2025 12:49 PM IST
सार

भारत ने अब तक आठ बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार खिताब अपने नाम किया। आइए जानते हैं भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी टूर्नामेंट के फाइनल मैच में कैसा रहा है रिकॉर्ड...

विज्ञापन
IND vs PAK Final Head to Head Record: How many times India Win Against Pakistan in Finals Stats
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI

विस्तार

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई में खेला जाएगा। यह मौजूदा टूर्नामेंट में तीसरी बार होगा जब दोनों टीमें एक दूसरे के सामने होंगी। इससे पहले भारत ने एशिया कप के ग्रुप चरण और सुपर चार चरण में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को मात दी थी और अब उसकी नजरें पाकिस्तान के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाने पर टिकी होंगी। भारत के लिए ऐसा कर पाना आसान नहीं होगा क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। 
विज्ञापन
Trending Videos

एशिया कप के फाइनल में पहली बार होंगे आमने-सामने 
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हराकर एशिया कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब उसका सामना खिताबी मुकाबले में भारत से होगा। एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी। 2016 में पहली बार यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला गया। भारतीय टीम सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम है। भारत ने अब तक आठ बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार खिताब अपने नाम किया, जबकि श्रीलंका ने छह बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाई है। दिलचस्प बात यह है कि एशिया कप के 41 साल के इतिहास में कभी भी भारत-पाकिस्तान का फाइनल में आमना-सामना नहीं हुआ था।

विज्ञापन
विज्ञापन

IND vs PAK Final Head to Head Record: How many times India Win Against Pakistan in Finals Stats
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : BCCI/ANI
टूर्नामेंट में अजेय चल रही है भारतीय टीम
पिछले दो मैच में भले ही भारतीय टीम पाकिस्तान पर भारी पड़ी हो, लेकिन उसे अतिआत्मविश्वास से बचना होगा जो उसके लिए घातक साबित हो सकता है। पाकिस्तान फाइनल में पहुंचने का दावेदार नहीं लग रहा था, लेकिन उसने वापसी करते हुए खिताबी मैच में प्रवेश किया। भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले के रिकॉर्ड को देखें तो भारत के लिए यह मैच आसान नहीं रहने वाला है। भारतीय टीम अजेय रहते हुए लगातार पांच मैच जीतकर फाइनल में पहुंची है, लेकिन रविवार को एक भी भूल उसके लिए मुसीबत बन सकती है। आइए जानते हैं भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी टूर्नामेंट के फाइनल मैच में कैसा रहा है रिकॉर्ड...
विज्ञापन

विश्व चैंपियनशिप- 1985
भारत और पाकिस्तान के बीच 1985 में मेलबर्न में विश्व चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट का फाइनल मैच खेला गया था इसमें भारत ने 17 गेंदें शेष रहते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 176 रन बनाए, जबकि भारत ने कृष्णामचारी श्रीकांत और रवि शास्त्री के अर्धशतकों की मदद से 47.1 ओवर में जीत दर्ज कर ली। 

ऑस्ट्रल एशिया कप- 1986
विश्व चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट के फाइनल के अगले ही साल भारत और पाकिस्तान की टीमें ऑस्ट्रल एशिया कप के खिताबी मैच में आमने-सामने आईं। इस रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने अंतिम ओवर में जाकर एक विकेट से जीत दर्ज कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 245 रन बनाए, जबकि पाकिस्तान ने जावेद मियांदाद के चेतन शर्मा पर आखिरी गेंद पर लगाए छक्के की मदद से जीत हासिल की। 

विल्स ट्रॉफी- 1991
विल्स ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 262 रन बनाए, लेकिन भारतीय टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और उसकी पारी 190 रन पर सिमट गई। उस मैच में पाकिस्तान के लिए आकिब जावेद ने 37 रन देकर सात विकेट लिए, जिस कारण पाकिस्तान की टीम भारत को हराने में सफल रही। 

ऑस्ट्रल कप- 1994
भारत और पाकिस्तान के बीच शारजाह में खेले गए इस मैच में भी पाकिस्तान अपना दबदबा बरकरार रखने में सफल रहा। पाकिस्तान ने इस मैच में 250 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 211 रन पर सिमट गई और उसे 39 रनों से हार का सामना करना पड़ा। 

सिल्वर जुबली कप- 1998 
भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच सिल्वर जुबली कप नाम से त्रिकोणीय सीरीज खेली गई थी जिसके फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें पहुंचीं। टूर्नामेंट में कुल तीन फाइनल मैच ढाका में खेले गए। भारतीय टीम ने पहला फाइनल आठ विकेट से अपने नाम किया, जबकि दूसरे फाइनल में पाकिस्तान ने छह विकेट से जीत दर्ज की। अब तीसरा फाइनल निर्णायक हो गया जहां भारत ने एक गेंद शेष रहते हुए तीन विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। 

पेप्सी कप- 1999
सिल्वर जुबली कप के अगले ही साल पेप्सी कप हुआ जिसके फाइनल में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हुई। बंगलूरू में खेले गए उस फाइनल मैच में पाकिस्तान ने 123 रनों से जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 291 रन बनाए, लेकिन भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा नहीं कर सकी और उसकी पारी 168 रन पर सिमट गई। 

कोका-कोला कप-1999
पेप्सी कप जीतने के तुरंत बाद भारत और पाकिस्तान की टीमें कोका-कोला कप में भी आमने-सामने आईं, लेकिन भारत के लिए स्थिति यहां भी नहीं बदली। पाकिस्तान ने 132 गेंदें शेष रहते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की। भारत ने उस मैच में पहले बल्लेबाजी की, लेकिन टीम की पारी 125 रन पर ही सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने दो विकेट शेष रहते हुए आसानी से मैच अपने नाम किया। 

टी20 विश्व कप- 2007
भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे अरसे बाद किसी टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला खेला गया। 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में भारत की युवा टीम टी20 विश्व कप के पहले संस्करण में उतरी। यह पहली बार था जब आईसीसी ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप का विश्व कप कराया था और इसके खिताबी मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हुई। 24 सितंबर 2007 को दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में खेले गए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गौतम गंभीर के शानदार अर्धशतक की बदौलत पांच विकेट पर 157 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 152 रन पर ऑलआउट हो गई और भारतीय टीम ने पांच रनों से यह मुकाबला अपने नाम किया। 

किटप्लाई कप- 2008
टी20 विश्व कप जीतने के अगले साल भारत और पाकिस्तान का सामना किटप्लाई कप के फाइनल में हुआ। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 315 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 290 रन ही बना सकी और इस तरह पाकिस्तान ने 25 रन से वो मुकाबला अपने नाम किया। 

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी- 2017
भारत और पाकिस्तान की टीमें 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भिड़ीं। यह मुकाबला लंदन में खेला गया जिसमें पाकिस्तान ने 180 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने इस टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में पाकिस्तान को हराया था, लेकिन पाकिस्तान ने खिताबी मैच में हिसाब बराबर कर लिया था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 338 रन बनाए और भारत के सामने विशाल लक्ष्य रखा, लेकिन भारतीय टीम 158 रन पर ऑलआउट हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed