IND vs ENG: कोहली ने सचिन-पोंटिंग सबको पछाड़ा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए सबसे तेज 23000 रन
भारतीय कप्तान विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 23000 रन (पारी के आधार पर) बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।
विस्तार
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में बेहद खास उपलब्धि हासिल की। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 23000 रन (पारी के आधार पर) बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में विराट ने टीम इंडिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग जैसे दिग्गजों को काफी पीछे छोड़ दिया। बता दें कि द ओवल टेस्ट के पहले दिन विराट ने यह खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 17.4 ओवर में चौके के साथ अपने 23 हजार रन पूरे किए। इसके साथ वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह कमाल करने वाले तीसरे व कुल सातवें क्रिकेटर बन गए। विराट ने 490 पारियों में यह कमाल किया है। इससे पहले सचिन ने 522 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। बता दें कि भारतीय कप्तान ने वन-डे में 12169, टी-20 में 3159 और टेस्ट में 7675* रन अभी तक बनाए हैं।
23K and counting...@imVkohli | #TeamIndia pic.twitter.com/NB9SIKzVlf
— BCCI (@BCCI) September 2, 2021
सबसे तेज 23000 अंतरराष्ट्रीय रन (पारी के आधार पर) बनाने वाले क्रिकेटर्स
- 490 विराट कोहली*
- 522 सचिन तेंदुलकर
- 544 रिकी पोंटिंग
- 551 जैक्स कैलिस
- 568 कुमार संगकारा
- 576 राहुल द्रविड़
- 645 एम जयवर्धने
चौथे टेस्ट में विराट से बड़ी पारी की उम्मीद
भारतीय कप्तान विराट कोहली से इस मुकाबले में बड़ी पारी की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पिछली 51 पारियों से उनके बल्ले से शतक नहीं निकला है। साल 2019 के बाद से विराट एक भी शतक नहीं लगा सके हैं। भारतीय कप्तान ने अपना आखिरी टेस्ट शतक 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए पिंक बॉल टेस्ट में लगाया था। वहीं, इस मैच को छोड़कर अगर मौजूदा सीरीज की बात की जाय तो विराट कोहली ने तीन मैचों की पांच पारियों में 24.80 की औसत के साथ 124 रन बनाए हैं और उनके बल्ले से महज एक अर्धशतक देखने को मिला है। लीड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में वह 55 रन बनाकर आउट हो गए थे। इस मैच में भारत को पारी और 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।