गेंदबाजी नहीं तमिल पर पकड़ मजबूत कर रहे इमरान ताहिर, वजह है धोनी की टीम
आईपीएल-11 में चेन्नई सुपर किंग्स ने दो साल बाद अपनी वापसी की है। धोनी के नेतृत्व वाली इस टीम में दक्षिण अफ्रीका के स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर को भी शामिल किया गया है। सीएसके की फ्रैंचाइजी ने इस खिलाड़ी को 1 करोड़ रुपये में खरीदा है। इमरान चेन्नई से जुड़कर बेहद खुश हैं और उन्होंने तमिल सीखने के लिए एक टीचर भी रख लिया है। इमरान ने अपने तमिल टीचर के साथ अपनी एक तस्वीर भी ट्विटर पर शेयर की है।
बता दें कि इससे पहले इमरान आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेल चुके हैं। वह आईपीएल के 32 मैचों में 8.31 की इकॉनमी के साथ 47 विकेट ले चुके हैं। इमरान ताहिर ने 20 टेस्ट मैचों की 37 पारियों में 57 शिकार किए हैं। जबकि वनडे में इमरान ने 84 मुकाबलों में 139 शिकार कर चुके हैं।
आईपीएल में इस खिलाड़ी के सिर्फ एक करोड़ रुपये में खरीदे जाने पर फैंस काफी हैरान हैं। वह वर्ल्ड के टॉप क्लास स्पनिर की श्रेणी में शुमार हैं। इसके बावजूद सीएसके ने उन्हें सिर्फ एक करोड़ रुपये में खरीद लिया। जबकि कई युवा खिलाड़ियों को खरीदने के लिए फ्रैंचाइजियों ने दिल खोल के पैसा बहाया है।
चेन्नई की इस टीम में एक और दिग्गज स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह को भी शामिल किया गया है। इससे पहले भज्जी मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में खेल चुके हैं। आईपीएल की नीलामी में इस साल भज्जी को सीएसके ने दो करोड़ रुपये में खरीदा है। जबकि टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाजी आर अश्विन को किंग्स इलेवन पंजाब ने करीब 7 करोड़ रुपये में खरीदा है।