'लकी' मोहित शर्मा को मिल गई वर्ल्ड कप में खेलने की अनुमति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो दिन पहले तक अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा टीम इंडिया में शामिल थे और उनके वर्ल्ड कप में खेलने की काफी संभावना भी थी क्योंकि पहला मैच पाकिस्तान जैसी चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ है। ऐसे में उनके अनुभव को देखते हुए इस महामुकाबले के लिए अंतिम एकादश में शामिल किए जाने की संभावना थी।
लेकिन उनका दुर्भाग्य यह रहा कि वह अपनी चोट से उबर नहीं सके और उन्हें वर्ल्ड कप में बने रहने के लिए 7 फरवरी को फिटनेस टेस्ट पास करना था। एडिलेड में अभ्यास सत्र के दौरान वह एक भी गेंद नहीं डाल सके। कहा यहां तक जा रहा है कि वह फिटनेस टेस्ट देने के लिए भी नहीं पहुंचे।
उनकी असफलता के बाद टीम प्रबंधन ने आनन-फानन में एक अन्य तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को टीम में शामिल कर लिया गया। टीम में शामिल इशांत अनलकी साबित हुए क्योंकि 15 सदस्यीय टीम में होने के बावजूद वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा और वहीं मोहित बेहद किस्मत वाले रहे जिन्हें टूर्नामेंट शुरू होने से महज एक हफ्ते पहले टीम में शामिल किया गया। अब उनके वर्ल्ड कप में खेलने का सपना भी पूरा होने जा रहा है क्योंकि अचानक उनकी एंट्री पर आईसीसी से अनुमति मिलना भी जरूरी था।
आईसीसी ने मोहित शर्मा को दी खेलने की अनुमति
किस्मत के धनी रहे तेज गेंदबाज मोहित शर्मा वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में शामिल नहीं थे लेकिन अब उन्हें इस महासमर में खेलने की अनुमति भी मिल गई है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को पुष्टि की कि क्रिकेट वर्ल्ड कप की प्रतियोगिता तकनीकी समिति ने चोटिल इशांत शर्मा की जगह मोहित शर्मा को 14 फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया में शामिल करने की अनुमति दे दी है। इशांत शनिवार को एडीलेड में फिटनेस टेस्ट में नाकाम रहे थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई थी। त्रिकोणीय सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहे 26 वर्षीय मोहित ने अब तक 12 वनडे मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 10 विकेट लिए हैं।
किसी खिलाड़ी के चोटिल या बीमार होने के कारण उसके स्थान पर दूसरे खिलाड़ी का चयन करने के लिए प्रतियोगिता तकनीकी समिति को चोट या बीमारी के बारे में चिकित्सक की राय सहित लिखित जानकारी देनी होती है। कोई भी खिलाड़ी एक बार बाहर होने के बाद वापसी नहीं कर सकता। वह केवल किसी अन्य खिलाड़ी के चोटिल या बीमार होने की दशा में ही वापसी कर सकता है।
मौजूदा चैंपियन भारत को पूल-बी में रखा गया है। पूर्व चैंपियन पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात भी इसी ग्रुप में हैं। भारत अपना पहला मैच 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ एडीलेड में खेलेगा।