ENGvWI: स्टोक्स-सिबले का शतक, इंग्लैंड की पहली पारी 469 पर घोषित, विंडीज 32/1
ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (176) जब टेस्ट क्रिकेट में अपनी दूसरी श्रेष्ठ पारी खेलकर पवेलियन लौट रहे थे तो ड्रेसिंग रूम में साथियों ने तालियों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। कोविड-19 का दौर नहीं होता तो हजारों दर्शक उनका खड़े होकर अभिवादन करते जिसके वह हकदार भी थे। उनकी पारी से इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन मजबूत स्थिति में पहुंच गई। मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 469 रन बनाकर घोषित कर दी। वेस्टइंडीज की ओर से स्पिनर रोस्टन चेज (5/172) सर्वाधिक सफल रहे।
स्टोक्स ने ओपनर डोम सिब्ले (120) के साथ चौथे विकेट पर 260 रन की साझेदारी की। स्टोक्स का वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा और करिअर का 10वां शतक है। स्टोक्स का टेस्ट क्रिकेट में श्रेष्ठ स्कोर 258 रन है जो उन्होंने 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में बनाया था। स्टोक्स का विकेट केमार रोच को मिला जिन्होंने लगातार दो गेंदों पर विकेट लिए। वोक्स को तो उन्होंने खाता भी खोलने नहीं दिया।
सिब्ले का धीमा शतक
दूसरे दिन का पहला सत्र पूरी तरह से इंग्लैंड के बल्लेबाजों सिब्ले और स्टोक्स के नाम रहा। आठवां मैच खेल रहे सिब्ले ने करिअर का दूसरा शतक 312 गेंदों में पूरा किया जो इंग्लैंड में किसी बल्लेबाज का पांचवां सबसे धीमा शतक है। सबसे धीमा शतक ऑस्ट्रेलिया के लिंडसे हैसेट ने 333 गेंदों में बनाया था। सिब्ले ने करिअर का पहला शतक इसी साल जनवरी में दक्षिण अफ्रीका में केपटाउन टेस्ट में बनाया था। तब उन्होंने दूसरी पारी में 133 रन की नाबाद पारी खेली थी। सिब्ले को स्पिनर रोस्टन ने रोच के हाथों कैच कराया। सिब्ले ने 372 गेंदों की पारी में पांच चौके जमाए। ओली पोप(07) को चेज ने ही एलबीडब्ल्यू किया।
ओल्ड टैफर्ड पर 19 साल की रिकॉर्ड साझेदारी
स्टोक्स और सिब्ले के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड पर यह किसी भी विकेट पर दूसरी श्रेष्ठ साझेदारी है। इससे पहले 2001 में माइकल वॉन और ग्राहम थोर्पे ने तीसरे विकेट पर 267 रन जोड़े थे। जहां तक इस मैदान पर इंग्लैंड की ओर से चौथे विकेट की पिछली साझेदारी की बात है तो एलेक स्टीवर्ट और मार्क्स ट्रेस्कोथिक ने 2000 में वेस्टइंडीज के ही खिलाफ 179 रन जोड़े थूे।
स्टोक्स शतक के साथ खास क्लब में
स्टोक्स ऐसे चौथे बल्लेबाज हैं जिन्होंने पांचवें या उससे निचले क्रम में दस या उससे ज्यादा शतक बनाए हैं। इस सूची में इयान बेल, इयान बाथम (14), ग्राहम थोर्प (11) भी शामिल हैं।
एक ओवर से रिकॉर्ड चूके
सिब्ले और स्टोक्स ने 94.4 ओवर तक बल्लेबाजी की। यदि वह एक ओवर और खेलते तो इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा ओवरों की साझेदारी होती। यह रिकॉर्ड स्टुअर्ट ब्रॉड और जोनाथन ट्रॉट के नाम है जिन्होंने लॉर्ड्स में 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ 95.4 ओवर तक जोड़ीदार के रूप में बल्लेबाजी की थी।
मैनचेस्टर में सर्वाधिक साझेदारी
रन जोड़ीदार विकेट बनाम कब
267 वॉन-थोर्पे 03 पाक 2001
260 सिब्ले-बेन 04 विंडीज 2020
246 डेक्सटर-बैरिंगटन 03 ऑस्ट्रेलिया 1964
245 वयाट-वुली 03 दक्षिण अफ्रीका 1929