NZvsENG: न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराकर इंग्लैंड का सीरीज पर कब्जा, इस खिलाड़ी ने की छक्कों की बारिश
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए अंतिम व निर्णायक वन-डे मैच में जॉनी बेयरस्टो ने शतक जड़कर अपनी टीम को सात विकेट से जीत दिलाई। शनिवार को क्राइस्टचर्च के मैदान पर खेले गए इस मैच में बेयरस्टो ने 82 गेंदों पर नौ चौकों और छह छक्कों की मदद से 104 रन बनाए। इसके साथ ही इंग्लैंड ने पांच मैचों की यह वन-डे सीरीज 3-2 से जीती।
जॉनी बेयरस्टो की बेहतरीन पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 224 रन के लक्ष्य को 32.4 ओवर में तीन विकेट नुकसान पर ही हासिल कर लिया। 28 साल के बेयरस्टो और हेल्स के बीच पहले विकेट के लिए 155 रन की साझेदारी हुई। एलेक्स हेल्स को अंतिम मुकाबले में जेसन रॉय की जगह टीम में जगह मिली थी। उन्होंने 98 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेली।
इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान इयान मोर्गन ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया था। न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाई। वहीं न्यूजीलैंड की टीम रॉस टेलर के बिना उतरी थी। चोट की वजह वह निर्णायक वनडे नहीं खेल पाए। पिछले मैच में रॉस टेलर ने इंग्लैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी।
निर्धारित 50 ओवर में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 223 रन पर ऑलआउट हो गई। कीवी टीम की तरफ से सैंटनर (67) और निकल्स (55) ने सर्वाधिक रन बनाए। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने 47 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स और आदिल रशीद ने 3 -3 विकेट लिए।
न्यूजीलैंड की गेंदबाजी की बात करें तो ट्रेंट बोल्ट, मिचेल सेंटनर और इश सोढ़ी के खाते में एक-एक विकेट आया। पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्पिन गेंदबाज इश सोढ़ी काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 7.4 ओवर में 10.17 की इकॉनमी से 78 रन देकर सिर्फ एक खिलाड़ी को शिकार बनाया।
गौरतलब है कि पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड ने 3 विकेट से जीता था, जबकि दूसरा वनडे इंग्लैंड ने 6 विकेट और तीसरा वनडे 4 रन से जीता था। वहीं चौथे मैच में रॉस टेलर ने 181 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। अब पांचवें और निर्वणायक वनडे में उसे 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।