रायपुर में टला बड़ा हादसा, युवराज समेत सभी खिलाड़ी सुरक्षित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली डेयरडेविल्स ने इस बार आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के वास्ते अपनी पूरी टीम ही बदल डाली थी लेकिन उसका यह प्रयास भी कारगर होता नहीं दिख रहा।
आईपीएल के आठवें सत्र में दिल्ली अपने 11 मुकाबले खेल चुकी है जिसमें उसे 7 में हार मिली है। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए उसे अपने शेष सभी मैचों में जीत हासिल करनी होगी। साथ ही उसे अन्य टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना होगा, हालांकि प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बेहद कम है।
दिल्ली की टीम के अगले दो मैच उसके दूसरे मेजबान स्थल रायपुर में खेले जाने हैं। दिल्ली को उम्मीद है कि रायपुर से उसकी किस्मत बदल जाएगी और शेष मैच जीतकर प्ले ऑफ में जगह बनाने में सफल रहेगी। लेकिन शुक्रवार का सुबह जब टीम रायपुर पहुंची तो एयरपोर्ट पर ही वह एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई। घटना के समय टीम में कप्तान जेपी डुमिनी और युवराज सिंह समेत सभी खिलाड़ी मौजूद थे।
दिल्ली डेयरडेविल्स के विमान पर सवार थे 167 यात्री
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम के खिलाड़ी शुक्रवार को उस समय बाल-बाल बच गए जब रायपुर एयरपोर्ट पर एक विमान हादसा टल गया। शुक्रवार सुबह रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के रनवे पर दो विमान आमने-सामने आ गए थे।
कोलकाता से आई इंडिगो की फ्लाइट रनवे पर खड़ी थी जिसमें युवराज सिंह, जहीर खान और कप्तान जेपी डुमिनी और दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के खिलाड़ी सहित 167 यात्री सवार थे। ठीक उसी समय मुंबई से जेट एयरवेज का विमान उसी रनवे पर आ गया।
सूत्रों के मुताबिक नागरिक उड्डयन महानिदेशक ने शुक्रवार की सुबह हुई इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। दिल्ली की टीम के एक अधिकारी का कहना है कि विमान खड़ा करने के दौरान हमारे पायलट ने विमान को मोड़ लिया लेकिन घटना के समय खिलाड़ियों ने कोई अफरातफरी नहीं दिखाई।
आईपीएल के आठवें सीजन में प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी दिल्ली की टीम बृहस्पतिवार को कोलकाता में मेजबान केकेआर से पराजित हो गई थी। उसे अब 9 और 12 मई को रायपुर में मैच खेलने हैं। दिल्ली का यह दूसरा होमग्राउंड है।
शनिवार को दिल्ली को इसी मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के साथ मुकाबले में उतरना है। दिल्ली की टीम 11 मैचों में चार मुकाबले जीतकर अंक तालिका में सातवें पायदान पर मौजूद है।