टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के लिए गुरुवार का दिन बेहद खास है। 11 अक्टूबर 1993 को सूरत में जन्मा टीम इंडिया का यह सुपर स्टार आज अपना 25वां जन्मदिन मना रहा है।
हार्दिक की तरह उनके बड़े भाई क्रुणाल भी क्रिकेटर है। आईपीएल में पांड्या ब्रदर्स की जोड़ी मुंबई इंडियंस के लिए जमकर धूम मचाती है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान क्रुणाल ने हार्दिक का ऐसा मजाक उड़ाया कि जिसने भी सुना पेट पकड़कर हंसने को मजबूर हो गया।
दरअसल, 'वॉट द डक' कार्यक्रम में क्रुणाल ने कहा, ' हार्दिक बचपन से ही वेस्टइंडियन की तरह दिखता है। जब कभी उसे (हार्दिक) कोई काला कहकर बुलाता था, तो मेरी मां उनके साथ लड़ने लगती थी कि वह काला नहीं है। मैं हमेशा मां को कहता कि आप लड़ क्यों रहे हो आपका बेटा काला है और अगर कोई उसे काला कहकर बुलाता है, तो क्या गलत है।'
क्रुणाल ने साल 2003 के एक मजेदार वाकये का भी जिक्र किया कि, 'एक बार केन्या की क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप 2003 से पहले बड़ौदा में प्रैक्टिस करने आई थी। केन्या के खिलाड़ी बस की प्रतीक्षा कर रहे थे। हार्दिक उस समय कैरेबियन बच्चे की तरह दिखता था, न कि भारतीय।'
उन्होंने आगे कहा, 'बड़ौदा में बच्चे केन्या के खिलाड़ियों से ऑटोग्राफ लेना चाहते थे, लेकिन कोई भी खिलाड़ी उन्हें ऑटोग्राफ नहीं दे रहा था। अचानक, उन्होंने हार्दिक को देखा और सभी के बीच, उन्होंने हार्दिक को अकेले ऑटोग्राफ दिए, क्योंकि उन्हें लगा कि हार्दिक उनके देश से है। इस कारण उन्होंने इसे ऑटोग्राफ दिए।'