भारत में हुए हादसे से लिया सबक, हेलमेट पहन कर रहे अंपायरिंग
पर्थ, ब्रिसबेन और मेलबर्न में टीम इंडिया के साथ एक जैसा ही हश्र हुआ, लेकिन कैनबरा में जब सीरीज के चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया उतरी तो उसे पहले बल्लेबाजी करने के बजाए गेंदबाजी का मौका मिला।
लेकिन इस मैच में एक और भी बदली हुई चीज दिखी और वह है कि किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी अंपायर का हेलमेट पहनकर मैदान पर उतरना। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई अंपायर जॉन वर्ड जब अंपायरिंग करने मैदान पर उतरे तो वह सिर पर हेलमेट लगाए हुए थे।
ऐसा नहीं है कि वह पहली बार हेलमेट लगाकर मैच में अंपायरिंग करने उतरे। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही बिग बैश टी-20 लीग में हेलमेट के साथ मैदान पर उतरते रहे हैं। 52 साल के अंपायर वर्ड का यह सातवां वनडे मैच है।
पिछले साल के अंत में भारत में हुए एक हादसे के बाद उन्होंने अपने सिर की सुरक्षा के लिए हेलमेट के साथ मैदान पर उतरने का फैसला लिया। उनका यह फैसला सही भी दिखा क्योंकि इसी मैच के शुरुआत में ही उनके साथ अंपायरिंग कर रहे इंग्लैंड के रिचर्ड केटलबोघ के पैर में ओपनर ऐरोन फिंच का शॉट जा टकराया।
भारत में हुए हादसे के बाद से हेलमेट लगाने लगे हैं अंपायर जॉन
कैनबरा वनडे में हेलमेट के साथ अंपायरिंग करने उतरे जॉन वर्ड पिछले साल के अंत में भारत में थे और रणजी ट्रॉफी में अंपायरिंग कर रहे थे। दिसंबर के पहले हफ्ते में डिंडिगुल में तमिलनाडु और पंजाब के बीच मुकाबले के दौरान एक गेंद उनके सिर पर लग गई थी जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती भी कराना पड़ा था।
इस मैच में पंजाब के बल्लेबाज राजविंदर सिंह ने गेंदबाज चंद्रशेखर की गेंद को अंपायर के ऊपर से खेलने की कोशिश की लेकिन उनका शॉट कंगारू अंपायर के सिर पर जाकर लग गया और इसके बाद वह मैदान पर ही बेहोश हो गए थे। फिर उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
इसके बाद से खिलाड़ियों के अलावा अंपायरों की भी सुरक्षा पर बात होने लगी। इस घटना के बाद जॉन अपने देश में बिग बैश टी-20 लीग में हेलमेट लगाकर अंपायरिंग करने लगे।
सिर्फ यही ऑस्ट्रेलियाई अंपायर हेलमेट के साथ अंपायरिंग नहीं कर रहे हैं। पिछले दिनों भारत में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी में केरल और रेलवे के बीच अलूर (कर्नाटक) में मुकाबले के दौरान अंपायर पश्चिम पाठक ने भी हेलमेट लगा रखा था। तेज होते क्रिकेट को देखकर भविष्य में कई और अंपायर अंपायरिंग के दौरान हेलमेट पहन सकते हैं।