{"_id":"5becb748bdec2269b5183f90","slug":"australia-enters-in-seminfinal-of-women-t20-world-cup-after-beat-new-zealand","type":"story","status":"publish","title_hn":"टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया, एलिसा हीली ने जड़ा तेज अर्धशतक","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया, एलिसा हीली ने जड़ा तेज अर्धशतक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Updated Thu, 15 Nov 2018 05:31 AM IST
विज्ञापन
Alyssa Healy
एलिसा हीली की लगातार तीसरी अर्द्धशतकीय पारी और मेगान स्कट (3/12) की उम्दा गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को न्यूजीलैंड को 33 रन से हराकर जीत की हैट्रिक के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हीली 53, राचेल हेंस 29 और बेथ मूनी 26 की पारियों से सात विकेट पर 153 रन बनाए।
विज्ञापन
हीली का पिछले आठ मैचों में छठा अर्द्धशतक है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 17.3 ओवर में 120 रन पर ढेर हो गई। उसके सिर्फ तीन बल्लेबाज सूजी बेट्स (48), कैटी मार्टिन (24) और लीग कास्पेरेक (12) ही दोहरे अंक में पहुंच पाईं। ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। न्यूजीलैंड की लगातार दूसरी हार है और उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गई हैं।
विज्ञापन
पाक की पहली जीत
पाकिस्तान ने आयरलैंड को 39 रन से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए कप्तान जावेरिया खान की नाबाद (74) अर्द्धशतकीय की पारी की मदद से छह विकेट पर 139 रन बनाए और फिर आयरलैंड को नौ विकेट पर 101 रन पर ही रोक दिया। पाकिस्तान की तरफ से सना मीर, आइमन अनवर, नाशरा संधू और आलिया रियाज ने दो-दो विकेट झटके।
विज्ञापन