लगातार 3 हार के बाद भी इस टीम ने सभी को बनाया अपना 'दीवाना'
एशिया कप में एक टीम ऐसी है जिसने 3 जीत के बाद 3 हार का सामना किया है, लेकिन लगातार शिकस्त के बाद भी उस टीम ने सभी को अपना दीवाना बना दिया है। हम यहां जिस टीम की बात कर रहे हैं वो है संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीम। 3 मैचों में 2 बार पहले गेंदबाजी करते हुए उसके गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को 135 का स्कोर पार करने का मौका नहीं दिया।
यूएई की टीम ने टूर्नांमेंट में मुख्य चरण शुरू होने से पहले क्वालीफाइंड दौर के मैच भी खेले हैं जिसमें उसने अफगानिस्तान, हांगकांग और ओमान को हराते हुए जीत की हैट्रिक लगाकर मेन राउंड में जगह बनाई थी। मुख्य चरण में यूएई ने बेहद शानदार खेल दिखाते हुए तीनों ही मैचों में अपना दबदबा बनाया था।
कहने को तो यह टीम इंडिया, वर्ल्ड चैंपियन श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश की तुलना में बेहद कमजोर टीम है लेकिन अभी तक खेले गए तीनों मैच में जिस तरह से खेल दिखाया उसने क्रिकेट के दीवानों को खासा प्रभावित किया है। हालांकि यूएई का सामना अभी टीम इंडिया से नहीं हुआ है लेकिन बाकी टीमों का पसीना मैच में बहा ही दिया।
UAE का अगला मैच टीम इंडिया से, होगी सभी की नजर
यूएई का एशिया कप में मेन राउंड में पहला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ था और इस मैच में अनुभवहीन टीम ने वर्ल्ड चैंपियन टीम के बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए खूब परेशान किया, खासकर अहमद रजा ने जिन्होंने 4 ओवर में महज 14 रन दिए और उन्हें 20 ओवर में 129 रन पर रोक दिया। फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए इस गल्फ टीम के मध्य क्रम ने श्रीलंका के बड़े गेंदबाजों को शुरू में काफी थकाया, लेकिन वे लक्ष्य से 14 रन दूर रह गए। श्रीलंका ने भले ही यह मैच जीत लिया लेकिन एक समय उस पर हार का खतरा मंडरा रहा था।
यही हाल उसके अगले मैच में भी रहा जब उसके गेंदबाजों ने मेजबान टीम को खूब परेशान किया और रन बनाने के लिए तरसा दिया। गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 133 रन पर रोक दिया, लेकिन 134 के लक्ष्य के जवाब में उसके अनुभवहीन बल्लेबाज बिखर कर रह गए और 18वें ओवर में 82 रन पर टीम सिमट गई।
अब तीसरे मैच में भी उसने पाक जैसी टीम को खूब थकाया। 130 रनों का लक्ष्य देने के बाद उसके गेंदबाजों ने 19 गेंदों के अंदर महज 17 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे लेकिन शोएब मलिक और उमर अकमल के बीच चौथे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी ने जीत इस टीम से छीन लिया।
यूएई ने टी-20 के इस खेल में जिस तरह का खेल दिखाया उसने सभी को प्रभावित किया है। लगातार 3 हार से एशिया कप में उसकी चुनौती खत्म हो चुकी है लेकिन उसका अंतिम मैच अभी बाकी है और वो मैच होगा टीम इंडिया के साथ 3 मार्च को। देखना होगा कि ये टीम जिसमें कई देशों के खिलाड़ी खेल रहे हैं धोनी की टीम के सामने किस तरह की चुनौती रखेंगे।