{"_id":"64f60be1638f2b68570c3a09","slug":"asia-cup-2023-indian-bowlers-struggle-against-nepal-team-pakistan-bowled-them-out-in-24-overs-2023-09-04","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Asia Cup: नौसिखिए नेपाल के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों के छूटे पसीने, पाकिस्तान ने उन्हें 24 ओवर में समेट दिया था","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
Asia Cup: नौसिखिए नेपाल के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों के छूटे पसीने, पाकिस्तान ने उन्हें 24 ओवर में समेट दिया था
Tue, 05 Sep 2023 12:20 AM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पल्लेकल
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पल्लेकल
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Tue, 05 Sep 2023 12:20 AM IST
सार
पाकिस्तान के खिलाफ महज 104 रन पर सिमट जाने वाले नेपाल ने भारत के खिलाफ 230 रन सम्मानजनक स्कोर बना दिया। नेपाल की बल्लेबाजी ने विश्व कप से पहले भारतीय गेंदबाजों को अपना आत्ममंथन करने पर जरूर मजबूर किया होगा।
विज्ञापन
शार्दुल, शमी और सिराज
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
नेपाल की टीम ने भारत के खिलाफ 230 रन बना दिया। इतना ही नहीं, यह नौसिखिया टीम भारत के खिलाफ 48.2 ओवर खेल गई। कोटे के पूरे ओवर खत्म होने से 10 गेंद पहले नेपाल की टीम ऑल आउट हुई। यह वही नेपाल टीम है जो पाकिस्तान के खिलाफ 23.4 ओवर यानी 142 गेंदों पर सिमट गई थी। इसके उलट भारत के खिलाफ यह टीम इसके दोगुने गेंद यानी 290 गेंद खेल गई। टीम इंडिया के गेंदबाजों के इस प्रदर्शन के बाद उनको लेकर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय टीम में मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर जैसे स्टार गेंदबाज मौजूद थे। इतना ही नहीं हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव जैसे बॉलर्स भी थे, लेकिन इसके बावजूद भारतीय टीम उन्हें जल्द समेटने में कामयाब नहीं हो सकी।
विज्ञापन
शुरुआती ओवरों में तीन कैच छोड़ना पड़ा भारी
भारत बनाम नेपाल मैच के दौरान कैच छोड़ते भारतीय खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
पाकिस्तान के खिलाफ महज 104 रन पर सिमट जाने वाले नेपाल ने भारत के खिलाफ 230 रन सम्मानजनक स्कोर बना दिया। नेपाल की बल्लेबाजी ने विश्व कप से पहले भारतीय गेंदबाजों को अपना आत्ममंथन करने पर जरूर मजबूर किया होगा। सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं बल्कि क्षेत्ररक्षण भी दयनीय रहा। पहले पांच ओवर में नेपाली ओपनर्स के तीन कैच छोड़े गए। इनमें 25 गेंद में 38 रन बनाने वाले कुशल के दो और पारी के शीर्ष स्कोरर 57 रन बनाने वाले आसिफ शेख के कैच थे। पहले 10 ओवर में नेपाल ने एक विकेट पर 65 रन बनाए। अंत में सोमपाल कामी ने 48 रन की पारी खेल नेपाल को 200 के पार कराया।
विज्ञापन
विज्ञापन
पहले दो ओवर में छूटे दो कैच
रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। निजी कारणों से भारत लौटे जसप्रीत बुमराह की जगह टीम में मोहम्मद शमी को शामिल किया गया। उनके पहले ही ओवर में श्रेयस ने भुर्तेल का कैच स्लिप में छोड़ दिया। वह उस वक्त एक रन पर थे। मोहम्मद सिराज की ओर से फेंके गए अगले ओवर की पहली ही गेंद पर विराट कोहली ने आसिफ शेख का कैच शॉर्ट कवर में छोड़ दिया। आसिफ भी उस दौरान एक रन पर थे। कैच छूटने का सिलसिला यहीं नहीं रुका। शमी की ओर से फेंके गए पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर ईशान ने भुर्तेल का कैच छोड़ दिया। भुर्तेल उस वक्त सात रन पर थे। नतीजा यह निकला कि भुर्तेल ने तीन चौके दो छक्के ठोक कर 38 रन बना डाले। उन्हें शार्दुल ने आउट किया।
इस गेंदबाजी से एशिया कप और विश्व कप जीतेगा भारत?
नेपाल जैसी टीम के खिलाफ एक वक्त भारतीय गेंदबाजी काफी थके हुए नजर आने लगे। उनके चेहरे पर नेपाल के बल्लेबाजों को आउट न कर पाने की थकावट देखी जा सकती थी। लोअर ऑर्डर में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सोमपाल कामी और दीपेंद्र सिंह ने भी भारतीय गेंदबाजों को खूब चौके-छक्के लगाए। मौजूदा भारतीय टीम से सिराज, शमी, शार्दुल, हार्दिक, जडेजा और कुलदीप का विश्व कप टीम में चुना जाना तय है। इतना ही नहीं भारत को अभी पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-फोर का मैच भी खेलना है। इस बॉलिंग लाइन अप ने सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, विश्व कप भारत में होना है, जहां आमतौर पर बैटिंग पिच होती हैं। ऐसे में भारतीय टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
सिराज काफी महंगे साबित हुए
जडेजा ने जरूर अच्छी गेंदबाजी की और 10 ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट लिए, लेकिन सिराज ने तीन विकेट के लिए 9.2 ओवर में 61 रन लुटा दिए। शमी ने सात ओवर में 29 रन देकर एक विकेट लिया। हार्दिक ने आठ ओवर में 34 रन खर्च किए। कुलदीप ने 10 ओवर में 34 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। नेपाल की बल्लेबाजी शानदार रही। यही टीम पाकिस्तान के खिलाफ 104 रन पर सिमट गई थी। तब कुशल आठ रन, आसिफ पांच रन, रोहित पौडेल शून्य, आरिफ शेख 26 रन, सोमपाल कामी 28 रन, गुलशन झा 13 रन, दीपेंद्र सिंह तीन रन, कुशल मल्ला छह रन बनाकर आउट हुए थे।
लमिछाने और ललित खाता भी नहीं खोल सके थे। पाकिस्तान के लिए शादाब ने चार विकेट लिए थे। वहीं, शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ को दो-दो विकेट मिले थे। नसीम और नवाज को एक-एक विकेट मिला। बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से भारत को 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे भारत ने 20.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। रोहित 74 और शुभमन 67 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ भारत एशिया कप के सुपर फोर में पहुंच गया।