Russell Records: रसेल के संन्यास ने चौंकाया, नौवें नंबर पर बल्लेबाजी कर बनाया ऐसा रिकॉर्ड जिसे तोड़ना मुश्किल
रसेल ने कहा, 'शब्द इसका मतलब नहीं समझा सकते। वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन की सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। वनडे में रसेल का करियर स्ट्राइक रेट 130.22 का है, जो कि सर्वश्रेष्ठ है। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल का नंबर आता है।
विस्तार
दरअसल, साल 2011 में भारत ने वेस्टइंडीज का दौरा किया था। तब नॉर्थ साउंड में हुए वनडे में आंद्रे रसेल ने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी की थी और नाबाद 92 रन की पारी खेली थी। 64 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके और पांच छक्के लगाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 143.75 का रहा था। नाबाद 92 रन वनडे क्रिकेट में नौवें या इससे निचले नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर है। उनके बाद वेस्टइंडीज के ही रवि रामपॉल का नंबर आता है, जिन्होंने 2011 में ही विशाखापत्तनम में वनडे में 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 75 गेंद पर नाबाद 86 रन बनाए थे। रसेल द्वारा वनडे में बनाया गया यह रिकॉर्ड शायद ही कोई नौवें या इससे नीचे बैटिंग करने वाला खिलाड़ी तोड़ पाए।
वनडे में नौवें या इससे नीचे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर
| खिलाड़ी | रन | खिलाफ | स्थान | साल |
|---|---|---|---|---|
| आंद्र रसेल | 92* | भारत | नॉर्थ साउंड | 2011 |
| रवि रामपॉल | 86* | भारत | विशाखापत्तनम | 2011 |
| डैरेन सैमी | 84 | ऑस्ट्रेलिया | ग्रोस आइलेट | 2012 |
| थिसारा परेरा | 80* | बांग्लादेश | मीरपुर | 2014 |
| इसुरू उदाना | 78 | दक्षिण अफ्रीका | गकेबरहा | 2019 |
रसेल ने 2019 में आखिरी वनडे खेला था। इसके बाद से वह वेस्टइंडीज के लिए सिर्फ टी20 ही खेल रहे हैं। भले ही वह वनडे न खेल रहे हों, लेकिन इस प्रारूप में उनका स्ट्राइक रेट बाकी सभी से बेहतर है। वनडे में रसेल का करियर स्ट्राइक रेट 130.22 का है, जो कि सर्वश्रेष्ठ है। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल का नंबर आता है। उन्होंने 126.70 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस लिस्ट में भारत के शीर्ष खिलाड़ी यूसुफ पठान हैं। उन्होंने 113.60 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
वनडे में सर्वश्रेष्ठ करियर स्ट्राइक रेट
| खिलाड़ी | पारियां | रन | स्ट्राइक रेट | 4s | 6s |
|---|---|---|---|---|---|
| आंद्रे रसेल (WI) | 47 | 1034 | 130.22 | 94 | 57 |
| ग्लेन मैक्सवेल (AUS) | 136 | 3990 | 126.70 | 382 | 155 |
| लियोनल कैन (BER) | 25 | 590 | 117.06 | 46 | 29 |
| हेनरिक क्लासेन (SA) | 56 | 2141 | 117.05 | 200 | 71 |
| शाहिद अफरीदी (PAK) | 369 | 8064 | 117.00 | 730 | 351 |
| जोस बटलर (ENG) | 163 | 5274 | 115.53 | 422 | 176 |
| माइकल ब्रैसवेल (NZ) | 29 | 757 | 115.39 | 59 | 38 |
| फिल सॉल्ट (ENG) | 31 | 988 | 114.75 | 134 | 20 |
| ल्यूक रॉन्ची (AUS/NZ) | 68 | 1397 | 114.50 | 149 | 43 |
| यूसुफ पठान | 41 | 810 | 113.60 | 62 | 43 |
इसके अलावा टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 2024 में पर्थ में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंद में चार चौके और सात छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 71 रन बनाए थे। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी कर चुके खिलाड़ियों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इस लिस्ट में शीर्ष पर अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी हैं। उन्होंने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंद में छह चौके और नौ छक्कों की मदद से 89 रन बनाए थे।
वेस्टइंडीज क्रिकेट ने लिखा, 'शुक्रिया, ड्रे रस! दो बार टी20 विश्व कप चैंपियन बनने से लेकर मैदान के अंदर और बाहर 15 साल तक आपकी अद्भुत शक्ति से आपने वेस्टइंडीज के लिए पूरे दिल, जुनून और गर्व के साथ खेला। वेस्टइंडीज आपको सलाम करता है!' वहीं, रसेल ने कहा, 'शब्द इसका मतलब नहीं समझा सकते। वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन की सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। जब मैं बच्चा था, तो मुझे इस स्तर तक पहुंचने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन जितना अधिक आप खेलना शुरू करते हैं और खेल से प्यार करते हैं, आपको एहसास होता है कि आप क्या हासिल कर सकते हैं। इसने मुझे बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया क्योंकि मैं मरून रंग में अपनी छाप छोड़ना चाहता था और दूसरों के लिए प्रेरणा बनना चाहता था।'
Thank You, DRE RUSS!🫶🏽
— Windies Cricket (@windiescricket) July 16, 2025
For 15 years, you played with heart, passion, and pride for the West Indies 🌴
From being a two-time T20 World Cup Champion to your dazzling power on and off the field.❤️
WI Salute You!🏏#OneLastDance #WIvAUS #FullAhEnergy pic.twitter.com/bEWfdMGdZ7
रसेल ने कहा, 'मुझे वेस्टइंडीज के लिए खेलना पसंद है और मुझे अपने परिवार और दोस्तों के सामने घर पर खेलना पसंद है, जहां मुझे अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च गुणवत्ता वाले प्रदर्शन करने का मौका मिलता है। मैं कैरेबियाई देशों से आने वाली अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों के लिए रोल मॉडल बनकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का उच्च अंत करना चाहता हूं।' रसेल ने भारत और श्रीलंका की मेजबानी में फरवरी 2026 में होने वाले अगले आईसीसी टी20 विश्व कप से महज सात महीने पहले संन्यास का एलान किया है। रसेल हाल के दिनों में वेस्टइंडीज की दूसरी हाई-प्रोफाइल रिटायरमेंट है। हाल ही में टीम के युवा बल्लेबाज निकोलस पूरन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। उन्होंने 29 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
2019 से रसेल वेस्टइंडीज के लिए सिर्फ टी20 ही खेल रहे हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए 84 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 22.00 की औसत से 1,078 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 163.08 का रहा है। रसेल ने तीन अर्धशतक लगाए हैं और उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 71 रन की रही है। उन्होंने 30.59 की औसत से टी20 अंतरराष्ट्रीय में 61 विकेट भी लिए हैं, जिसमें 3/19 के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े भी शामिल हैं। रसेल ने वेस्टइंडीज के लिए केवल एक टेस्ट खेला है। इसके अलावा उन्होंने 56 वनडे मैच भी खेले हैं, जिसमें 27.21 की औसत से 1,034 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 130 से ज्यादा का रहा है। उन्होंने वनडे में चार अर्धशतक भी लगाए और नाबाद 92 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वनडे में, उन्होंने 31.84 की औसत से 70 विकेट लिए हैं, जिसमें 4/35 के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े शामिल हैं।
यह 37 वर्षीय खिलाड़ी 2012 और 2016 में आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा था। हालांकि, रसेल का असली जलवा टी20 लीग में दिखा है। वह टी20 लीग खेलना जारी रखेंगे। रसेल दुनियाभर की टी20 लीग का हिस्सा रहे हैं और इसमें उन्होंने 561 मैचों में 26.39 की औसत और 168 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 9,316 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो शतक और 33 अर्धशतक लगाए। नाबाद 121 रन टी20 लीग में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। टी20 लीग में उन्होंने एक गेंदबाज के रूप में 25.85 की औसत से 485 विकेट लिए हैं, जिसमें 5/15 के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े शामिल हैं।