वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार रात चेन्नई सुपरकिंग्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स पर रोमांचक जीत दर्ज की। सीएसके द्वारा टॉस गंवाकर खड़े किए गए 219 रन के विशाल स्कोर के जवाब में केकेआर 19.1 ओवर में 202 रन पर ऑल आउट हो गई। भले ही मुकाबले में कोलकाता 18 रन पीछे रह गई, लेकिन आईपीएल का इतिहास बदलने में कामयाब रही।
KKR की बाजीगरी: हारकर भी जीते दिल, कमिंस-रसेल ने तहस-नहस किए कई रिकॉर्ड्स
1. लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम ने 31 रनों पर 5 विकेट के नुकसान के बाद 171 रन बनाए। यह आईपीएल में किसी भी टीम के द्वारा 5 विकेटों के गिरने के बाद सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रॉयल चैलंजर्स बैंगलोर के नाम था, जिन्होंने साल 2016 में गुजरात लॉयंस के खिलाफ 159 रनों का पीछा करते हुए 29 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद 130 रन बनाए थे।
2. कोलकाता की टीम द्वारा 5 विकेटों के नुकसान के बाद बनाए गए 171 रन टी-20 इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन है। इसमें सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड जमैका तलावाज के नाम है। जमैका की टीम ने सीपीएल में साल 2018 में त्रिनबागो नाइटराइडर्स के खिलाफ 224 रनों का पीछा करते हुए 41 रनों पर पांच विकेट गंवा दिए थे। पांच विकेट खोने के बाद टीम ने 184 रन बनाए थे। इस मुकाबले में जमैका की ओर से आंद्रे रसेल ने 49 गेंदों पर 121 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।
3. केकेआर की ओर से नंबर आठ पर बल्लेबाजी करने उतरे पैट कमिंस ने 66 रनों की पारी खेली। आईपीएल इतिहास में नंबर आठ या उससे नीचे बल्लेबाजी करने उतरे किसी भी टीम के बल्लेबाज का यह सर्वाधिक स्कोर है, इससे पहले हरभजन सिंह ने साल 2015 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 64 रनों की पारी खेली थी।
4. आईपीएल में यह पहली बार हुआ कि किसी टीम की ओर से नंबर सात और नंबर आठ पर बल्लेबाजी करते हुए दोनों खिलाड़ियों ने पचास रन ठोके। कोलकाता की ओर से रसेल और कमिंस ने क्रमश: 54 और 66 रन की धमाकेदार पारियां खेली। टी-20 इतिहास में कोलकाता दूसरी ऐसी टीम बनी। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2012-13 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान हरियाणा के खिलाफ जम्मू कश्मीर की ओर से देखने को मिला था।