जीत के बाद भी क्यों अनलकी रहे टीम इंडिया के कप्तान रहाणे!
आज से करीब दो साल पहले तक बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को टीम इंडिया के अंतिम एकादश में जगह पाने तक के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था लेकिन आज उनकी अगुवाई में भारतीय टीम जिम्बाब्वे के दौरे पर है।
भारत का यह दौरा भी ऐसे समय में हुआ जब टीम इंडिया के 7 बड़े खिलाड़ी छुट्टी पर चले गए साथ ही टीम को पिछले महीने ही बांग्लादेश के हाथों वनडे सीरीज में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में रहाणे ने अनुभवहीन टीम के साथ जबर्दस्त कप्तानी की और टीम को तीनों वनडे मैचों में शानदार जीत दिलाकर सीरीज में क्लीन स्वीप किया।
हालांकि अपनी कप्तानी में तीनों मैचों में टीम इंडिया को जीत दिलाने वाले रहाणे एक मामले में बेहद अनलकी साबित हुए। उन्हें सीरीज में एक नहीं तीन बार मौका मिला और तीनों ही बार चूक गए। यहां बात उनकी बल्लेबाजी की नहीं हो रही है।
रहाणे अब कपिल का रिकॉर्ड तोड़ेंगे या गिलक्रिस्ट का?
अजिंक्य रहाणे को भले ही तीनों मैचों में शानदार जीत मिली हो लेकिन टॉस के मामले में उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और तीनों ही बार हार गए। हालांकि वह बेहद किस्मतवाले रहे कि मेजबान टीम ने उन्हें परेशान करने के लिए हर बार पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दे डाला। लेकिन भारत ने उनकी यह चाल कामयाब नहीं होने दी।
सीरीज के पहले मैच को छोड़ दिया जाए तो भारत को अंतिम दोनों मैचों में ठीक-ठाक शुरुआत मिली। दूसरे मैच में भारत की ओर से रहाणे और मुरली विजय ने 112 रनों की शतकीय साझेदारी भी की। तीसरे मैच में भले ही यह जोड़ी 25 रन पर टूट गई हो लेकिन मध्य क्रम ने शुरुआती झटके से टीम को फिर से उबार लिया।
अब फिर लौटते हैं टॉस पर। बतौर कप्तान रहाणे ने सीरीज में लगातार तीसरी बार टॉस गंवाया है। 1982 में कपिल देव जब भारतीय टीम के कप्तान बने थे तो उनकी भी शुरुआत टॉस जीतने के मामले में खराब हुई थी और पहले चार मैचों में टॉस गंवा बैठे।
जहां तक ओवरऑल वनडे क्रिकेट की बात है तो इंग्लैंड के नासीर हुसैन और एडम गिलक्रिस्ट तो वनडे में अपने कप्तानी करियर के शुरू के 6 मैचों में एक भी टॉस नहीं जीत पाए थे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज गिलक्रिस्ट शुरू के 6 मैचों में टॉस हारने के बावजूद सभी 6 मैच जीतने में सफल रहे।
ऐसे में यह सवाल अब सामने है कि टीम इंडिया के कार्यवाहक कप्तान रहाणे कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ेंगे या ऑस्ट्रेलिया के गिलक्रिस्ट का। अब यह देखने वाली बात होगी।