भारत और जिंबाब्वे के बीच हरारे में पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम में तीन नए चेहरों को शामिल किया है जिसमे अभिषेक शर्मा, रियान पराग और ध्रुव जुरेल शामिल हैं। अभिषेक और रियान ने जहां भारत के लिए पदार्पण किया है, वहीं जुरेल टीम के लिए पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरे हैं। दिलचस्प बात यह है कि रियान को भारतीय टीम की कैप उनके पिता ने सौंपी।
आईपीएल 2024 की तीसरे सफल बल्लेबाज थे रियान
रियान पराग का बल्ला आईपीएल 2024 में जमकर बोला था और उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया था। घरेलू टूर्नामेंट में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते आ रहे रियान ने आईपीएल 2024 में 16 मैचों में 573 रन बनाए थे। रियान टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज थे। उनसे ज्यादा रन विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने बनाए थे। रियान का आईपीएल 2024 में स्ट्राइक रेट 149.21 का रहा था और उन्होंने चार अर्धशतक लगाए थे। रियान राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में खेलते हैं और उन्होंने मौजूदा सीजन में 33 छक्के और 40 चौके भी जड़े थे।
3 of 4
अभिषेक शर्मा
- फोटो : BCCI
अभिषेक ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए लगाया था सबसे तेज पचासा
अभिषेक शर्मा ने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर आईपीएल 2024 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद को तेज शुरुआत दिलाई थी। अभिषेक का बल्ला टूर्नामेंट में जमकर बोला था और उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ महज 16 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। अभिषेक इसके साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे कम गेंदों पर पचासा पूरा करने वाले बल्लेबाज बने थे। अभिषेक ने इसके अलावा लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 19 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। अभिषेक आईपीएल 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष-10 बल्लेबाजों में शामिल थे। अभिषेक ने टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में 16 मैचों में 484 रन बनाए थे और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 204.21 रहा था। अभिषेक ने 2024 सीजन में तीन अर्धशतक लगाए थे।
4 of 4
ध्रुव जुरेल
- फोटो : BCCI
जुरेल ने सीमित ओवर के क्रिकेट में भी किया डेब्यू
ध्रुव जुरेल को इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान खेल के सबसे लंबे प्रारूप में डेब्यू का मौका मिला था और अब उन्होंने भारत के लिए सीमित ओवर के प्रारूप में पदार्पण कर लिया है। जुरेल इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका में रहेंगे। जुरेल ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों में 190 रन बनाए थे जिसमे एक अर्धशतक शामिल है। जुरेल का टेस्ट में सर्वाधिक निजी स्कोर 90 रन है।