AUSvIND: टेस्ट सीरीज के बीच हाई अलर्ट, बॉक्सिंग डे टेस्ट देखने आया दर्शक निकला कोरोना पॉजिटिव
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में कोरोना महामारी का खतरा बढ़ता जा रहा है। दोनों टीमों को बाकी के दो टेस्ट मुकाबले सिडनी और ब्रिस्बेन में खेलना है लेकिन उससे पहले मेलबर्न से आई खबर ने हड़कंप मचा दिया है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट देखने गए दर्शकों में से एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
विक्टोरिया सरकार के स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग की तरफ से ट्विटर पर एक बयान जारी कर दर्शकों से अपील की गई है। इसमें कहा गया है कि जो भी लोग जोन 5 के द ग्रेट सदर्न स्टैंड में बैठे थे वह अपनी कोविड-19 जांच करवाएं और रिपोर्ट नेगेटिव नहीं आने तक खुद को पृथकवास में रखें।
The MCG is being investigated as a potential source for acquisition.
— VicGovDHHS (@VicGovDHHS) January 5, 2021
This means we have a confirmed case of coronavirus who was not infectious but that we believe may have acquired their infection at this location.
(2/3)
उधर स्थानीय अखबार द गार्जियन ने स्वास्थ्य विभाग के हवाले से लिखा है कि टेस्ट मैच के दौरान व्यक्ति में कोई लक्षण नहीं थे। वह 5 जनवरी को पॉजिटिव निकला। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मैच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ।
बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया को अब सीरीज का तीसरा टेस्ट गुरुवार से सिडनी के मैदान में खेलना है। यहां कुछ दिनों पहले ही कोरोना के मामले सामने आए थे। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए न्यू साउथ वेल्स सरकार ने अब एससीजी टेस्ट के लिए मैदान में पहुंचने वाले दर्शकों के लिए हर समय मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। यही नहीं सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में दर्शकों की क्षमता सिर्फ 25 प्रतिशत ही होगी।