IPL के सुपर क्रिकेटर, दाम 5 करोड़ से भी ज्यादा!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोलकाता नाइटराइडर्स अभी छह और क्रिकेटर खरीद सकता है जबकि उसके पास नौ करोड़ की राशि शेष है। वहीं दिल्ली डेयरडेविल्स के पास अभी तीन और क्रिकेटर खरीदने का मौका है उनके पास 8.6 करोड़ रुपए हैं।
प्रीति जिंटा की टीम के पास 43.50 करोड़ में अभी 14 करोड़ 20 लाख रुपए बचे हुए हैं और चार खिलाड़ी और खरीद सकती है। चेन्नई सुपर किंग्स के पास महज 2.9 करोड़ रुपए बचे हैं और उसे सिर्फ तीन क्रिकेटर खरीदने हैं।
मुंबई इंडियंस को टीम पूरी करने के लिए शेष बचे 5.15 करोड़ रुपए में छह खिलाड़ी खरीदने होंगे। 14 करोड़ में युवराज सिंह को खरीदने वाली रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू के पास सिर्फ 1.8 करोड़ रुपए बचे हैं जबकि उसे चार क्रिकेटर और खरीदने हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के पास अभी 8.4 करोड़ और राजस्थान रॉयल्स के पास 12.10 करोड़ रुपए बचे हुए हैं।
...और किसी तरह बिक गए सहवाग
आखिरकार विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का जलवा आईपीएल में इस बार भी दर्शकों को देखने को मिलेगा। बुधवार को आयोजित नीलामी के पहले दिन जब सहवाग की बारी आई तो शुरुआत में किसी ने भी उन पर दिलचस्पी नहीं दिखाई।
नीलामीकर्ता जब सहवाग को अनसोल्ड घोषित करने ही वाले थे तभी किंग्स इलेवन पंजाब ने बोली लगा दी। पंजाब के बोली लगाने के बाद मुंबई इंडियंस ने भी बोली लगाई लेकिन पंजाब ने आखिरकार 3 करोड़ 20 लाख में सहवाग को खरीद लिया।
नीलामीकर्ता ने दिल्ली डेयरडेविल्स से राइट टू मैच अधिकार के इस्तेमाल के बारे में पूछा तो उसने इनकार कर दिया।
पठान बंधुओं पर नहीं लगा बड़ा दांव
यूसुफ और इरफान पठान पर फ्रेंचाइजियों ने मोटी रकम खर्चे नहीं की। यूसुफ को कोलकाता नाइटराइडर्स ने ‘राइट टू मैच कार्ड’ का इस्तेमाल करते हुए 3.25 करोड़ रुपए में अपने पास बरकरार रख लिया।
जबकि छोटे भाई इरफान को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2.40 करोड़ रुपये में खरीदा। दिल्ली डेयरडेविल्स ने इरफान को अपने पास रखने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। दोनों भाइयों का पिछले साल बेहद खराब प्रदर्शन रहा था।
नीलामी में 10 ऐसे क्रिकेटर हैं जिन्हें पांच या पांच करोड़ से ज्यादा में खरीदा गया। युवराज और दिनेश कार्तिक दो ऐसे क्रिकेटर हैं जिन्हें 10 करोड़ से ज्यादा का पैसा मिला। विदेशी क्रिकेटरों में केविन पीटरसन नौ करोड़ में दिल्ली डेयरडेविल्स के हाथों बिके।
राइट टू मैच कार्ड से पीटरसन को किया हासिल
आईपीएल-7 की नीलामी में जोकर्स कार्ड का इस्तेमाल पहली बार फ्रेंचाइजियों को करने का मौका मिला, जिसके तहत वे उस खिलाड़ी को खरीद सकती हैं जिन्हें उन्हें ‘राइट टू मैच कार्ड’ का इस्तेमाल कर बरकरार नहीं रखा है लेकिन वह पिछले संस्करण में उनकी टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
जबकि राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल कर फ्रेंचाइजियों ने नियम के अनुसार अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को बरकरार रख लिया था जिन्हें फिर नीलामी में नहीं उतारा गया।
टीमों को पांच पांच खिलाड़ी ही बरकरार रखने का अधिकार था और कुल 24 खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजियों ने बरकरार रखा।
खिलाड़ी पर बोली लगाने के बाद उस खिलाड़ी की पिछली टीम से पूछा गया कि क्या वो उसे लेना चाहती है। केविन पीटरसन को सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ करोड़ में खरीद लिया था, लेकिन दिल्ली डेयरडेविल्स ने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल कर केविन को हासिल कर लिया।
श्रीलंकाई क्रिकेटरों को रास नहीं आई नीलामी
बंगलुरू में हुई आईपीएल सात की नीलामी श्रीलंकाई क्रिकेटरों के लिए बहुत बुरा रहा। श्रीलंकाई कप्तान एंजेलो मैथ्यूज को भी किसी ने नहीं खरीदा। मैथ्यूज के अलावा महेला जयवर्धने, तिलकरत्ने दिलशान, अजंता मेंडिस, सचित्रा दिनानायके भी नहीं बिके।
दुनिया के अन्य स्टार क्रिकेटरों में जेसी राइडर, मार्लोन सैमुअल्स, ल्यूक राइट, ब्रेट ली, रॉस टेलर, डेविड हसी, कैमरून व्हाइट, एलेक्स हेल्स, इयान बेल, आंद्रे रसेल, ल्यूक रोंची, हर्शल गिब्स, एडम वोग्स, फिडेल एडवर्ड्स की बोली नहीं लगी।
भारतीय क्रिकेटरों में मुनाफ पटेल, नमन ओझा, प्रवीण कुमार, मुरली कार्तिक, एस. बद्रीनाथ और मनप्रीत गोनी ऐसे बड़े नाम हैं जिन्हें किसी ने नहीं खरीदा।