फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Donald Duck: A charming tale of a duck

Donald Duck: एक बत्तख का दिलकश फसाना, समंदर किनारे मौज-मस्ती से लेकर क्वैकचैट तक

Sun, 16 Jun 2024 07:21 AM IST
जोएल ग्रे Published by: शिव शरण शुक्ला Updated Sun, 16 Jun 2024 07:21 AM IST
विज्ञापन
सार
जब तक डोनाल्ड डक समाज के साथ अपना तालमेल बनाए रखेगा, और जब तक उस बदलती हुई दुनिया को प्रतिबिंबित करता रहेगा, जिसमें हम सब रहते हैं, तब तक इस बत्तख के हमारे जेहन से उड़कर कहीं और चले जाने का सवाल ही नहीं।
loader
Donald Duck: A charming tale of a duck
डोनाल्ड डक। - फोटो : FREEPIC

विस्तार

कार्टून किरदार डोनाल्ड डक से कार्टून देखने वाला भला कौन-सा बच्चा परिचित नहीं होगा? जब टेलीविजन आया, तो हर रविवार मिकी माउस के साथ जिस कार्टून चरित्र का सबसे ज्यादा इंतजार रहता था, वह था डोनाल्ड डक। लेकिन क्या आपको पता है कि आपका प्यारा डोनाल्ड डक 90 साल का हो गया है? लेकिन वह बूढ़ा नहीं हुआ। आपको यह जानकर भी आश्चर्य होगा कि डोनाल्ड डक पहली बार सहायक चरित्र के रूप में एक कार्टून फिल्म द वाइज लिटल हेन में दिखा था। लेकिन इस पात्र को लोगों ने इस कदर पसंद किया कि वह जल्द ही मुख्य भूमिका में आ गया। वर्ष 1934 में फिल्मी पर्दे पर अपनी उपस्थिति के कुछ वर्षों के भीतर ही डोनाल्ड डक तत्कालीन महान अभिनेत्रियों शर्ली टेंपल या ग्रेटा गार्बो के बराबर का सितारा माने जाने लगा था। उसकी लोकप्रियता डिज्नी की 1939 की एनिमेटेड लघु फिल्म द ऑटोग्राफ हाउंड में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जिसमें उस वक्त के हॉलीवुड की ए-सूची के अभिनेता ने डोनाल्ड का ऑटोग्राफ लेने के लिए अपने स्टूडियो में फिल्म की शूटिंग छोड़ दी थी। डोनाल्ड डक के रचयिता वाल्ट डिज्नी खुद 1940 तक डोनाल्ड डक को अपने ‘अस्तबल का गेबल’ कहने लगे थे। दरअसल डोनाल्ड डक की लोकप्रियता को हॉलीवुड के सुपरस्टार क्लार्क गेबल के साथ जोड़ा गया, जो उस समय एमजीएम स्टूडियो में सबसे बड़ा नाम था।



1940 के दशक में डोनाल्ड डक पूरी दुनिया के लिए आइकन बन चुके थे। यूरोप और अमेरिका में बच्चों की किताबों से लेकर द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अमेरिकी सरकार के घरेलू प्रचार तक में डोनाल्ड डक छाया रहा। डोनाल्ड को उन कार्टूनों में अभिनय करते हुए दिखाया गया, जो अमेरिकियों को युद्ध को समर्थन देने की खातिर प्रोत्साहित करने के लिए बनाए गए थे। इन लघु एनिमेशन फिल्मों में लोगों को अमेरिका के सरकारी बॉन्ड में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने से लेकर हिटलर को सनकी तानाशाह बताकर उसका उपहास उड़ाने तक की बातें शामिल हैं। बाद वाली लघु एनिमेटेड फिल्म डेर फ्यूहरर्स फेस ने डोनाल्ड को 1943 में पहला ऑस्कर दिलाया, हालांकि जापानी लोगों के व्यंग्यात्मक चित्रण के कारण उसकी तबसे काफी आलोचना होती रही है।


डोनाल्ड डक आज भी उतना ही लोकप्रिय है, जितना वह बीसवीं सदी के मध्य में था। मीडिया शोधकर्ता क्रिस रोजेक ने मशहूर हस्तियों के वर्गीकरण में डोनाल्ड डक का भी उदाहरण दिया है। डक एक आदर्श मशहूर हस्ती का प्रतिनिधित्व करता है, जो एक काल्पनिक किरदार है और 'लोकप्रिय संस्कृति (पॉपुलर कल्चर) की एक संस्थागत विशेषता है।' डिज्नी के अन्य किरदारों के विपरीत डोनाल्ड की कहानियां वर्तमान में घटित होती हैं और दर्शकों एवं पाठकों के लिए समकालीन होती हैं। महिला किरदारों के साथ उसके रिश्ते में यह बात साफ झलकती है।

डोनाल्ड के प्रारंभिक दिनों में महिला किरदारों को अक्सर सुंदरता, घरेलूपन और पितृसत्ता की अधीनता को दर्शाने तक ही सीमित रखा जाता था, जो दुनिया भर की महिलाओं के अनुभवों को दर्शाता था। उदाहरण के लिए, डेजी डक को मूल रूप से कभी भी अपनी नौकरी करते हुए या किसी कॅरिअर में नहीं दिखाया गया है, इसके विपरीत डोनाल्ड डक को कई तरह के रोजगार में दिखाया गया है, जिनमें निजी जासूस, डाक कर्मचारी और सेल्समैन सहित कई नौकरियां शामिल हैं। हालांकि हाल के वर्षों में आधुनिक दुनिया को प्रतिबिंबित करने के लिए महिला पात्रों का विकास हुआ है। इसमें डोनाल्ड की बहन डेला डक जैसे पात्रों को पहली बार कथानक में उपस्थित करना भी शामिल है। डेला एक कुशल पायलट है, जिसे अक्सर एक्शन दृश्यों के बीच में देखा जा सकता है और कॉमिक बुक सीरीज डकटेल्स (2018) के कथानक के साथ-साथ इसी नाम से बने टेलीविजन शो के लिए भी वह एक अनिवार्य किरदार है। इन कहानियों में डेला डक, डेजी डक और अन्य महिला किरदारों के पास एजेंसी है और वे मुख्य पात्र हैं और महज पुरुष पात्रों का समर्थन करने के लिए नहीं हैं।

इस बात में कोई दो राय नहीं कि डोनाल्ड डक सुदूर आकाशगंगा (दूसरी दुनिया) से आने वाले एलियन या 'एक समय की बात है' जैसी कहानियों के राजकुमार या राजकुमारियों की तुलना में ज्यादा भरोसेमंद किरदार है। इसकी वजह यह है कि डोनाल्ड या उसके दोस्त रोजमर्रा की उन्हीं चुनौतियों का सामना करते हैं, जिनसे हम दो-चार होते हैं और वे उन्हीं खुशियों का आनंद लेते हैं, जिनकी अनुभूति हमें होती है। उन्हें भी हमारी तरह ट्रैफिक जाम, नौकरी से असंतुष्टि का सामना करना पड़ता है और उन्हें भी हमारी तरह समुद्री इलाके में छुट्टी मनाना या उत्सव या समारोह में परिवार के लोगों के साथ मिलना-जुलना या इसी तरह की चीजें अच्छी लगती हैं। इसलिए डोनाल्ड जिस स्थिति में खुद को पाता है, दर्शकों के लिए उसके साथ सहानुभूति रखना, उसे पहचानना और उसकी भावनाओं को समझना मुश्किल नहीं लगता है। दर्शक उसके दुख-सुख के साथ अपने जीवन की घटनाओं को जोड़ने लगते हैं। पिछले 90 वर्षों से दर्शकों के साथ डोनाल्ड के अनुभवों का यही जुड़ाव इसकी सफलता और लोकप्रियता का महत्वपूर्ण कारण रहा है। डोनाल्ड डक के किरदार के लिए प्रासंगिक कुंठाएं उसकी कहानियों के महत्वपूर्ण विषय रहे हैं। 1930, 1940 और 1950 के दशक में जिन एनिमेटेड लघु फिल्मों में डोनाल्ड ने अभिनय किया था, उनमें डोनाल्ड ने रेडियो और टेलीविजन के तकनीकी विकास का आनंद उठाया। और डकटेल्स में उसके सबसे हालिया एनिमेडेट प्रदर्शन में डोनाल्ड के किरदार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म क्वैकचैट का उपयोग करते हुए दिखाया गया है, जो निश्चित रूप से स्नैपचैट की नकल है।

डोनाल्ड डक पूरी दुनिया में हमेशा से लोकप्रिय है, क्योंकि वह आम आदमी की तरह है, हर कोई उसे अपने निजी सुख-दुख से जोड़कर देखता है। दुनिया भर के लोग आज भी उससे अपना जुड़ाव महसूस करते हैं और जीवन की कठिनाइयों के प्रति गुस्से में उसके नखरे को देखकर उस पर हंसते हैं। वह हमें अपनी कुंठाओं को 'द सिम्पसन' के होमर सिम्पसन या 'फैमिली गाय' के पीटर ग्रीफिन जैसे वयस्क कार्टून के सितारों के साथ तुलनात्मक रूप से प्रस्तुत करने का एक तरीका प्रदान करता है। जब तक डोनाल्ड डक समाज के साथ अपना तालमेल बनाए रखेगा, और जब तक उस बदलती हुई दुनिया को प्रतिबिंबित करता रहेगा, जिसमें हम सब रहते हैं, तब तक इस डक (बत्तख) के हमारे जेहन से उड़कर कहीं और चले जाने की कोई आशंका नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed