Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   The Pursuit of Love, Knowledge, and Compassion: Insights from Bertrand Russell

जीवनधारा: प्रेम-ज्ञान और करुणा की खोज इंसान की सच्ची यात्रा, सत्य के सूक्ष्म सूत्रों को पकड़ने का प्रयास करें

Tue, 17 Mar 2026 06:45 AM IST
Shivam Garg बर्ट्रेंड रसेल
बर्ट्रेंड रसेल Published by: Shivam Garg Updated Tue, 17 Mar 2026 06:45 AM IST
सार

मेरी इच्छा थी कि मैं मनुष्य के हृदय को समझ सकूं, यह जान सकूं कि तारे क्यों चमकते हैं और ब्रह्मांड किस नियम से संचालित होता है। मैं सत्य के उन सूक्ष्म सूत्रों को पकड़ना चाहता था, जो दृश्य और अदृश्य जगत को जोड़ते हैं।

विज्ञापन
The Pursuit of Love, Knowledge, and Compassion: Insights from Bertrand Russell
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला प्रिन्ट/एजेंसी

विस्तार

मेरे जीवन को तीन सरल, किंतु अत्यंत प्रबल अभिलाषाओं ने संचालित किया है-प्रेम की आकांक्षा, ज्ञान की खोज औरमानव जाति के दुख के प्रति असहनीय करुणा। ये तीनों मेरे जीवन में ऐसे प्रवाहित हुए हैं, जैसे प्रचंड वायु के झोंके, जिन्होंने मुझे इधर-उधर, अनिश्चित दिशाओं तथा वेदना के विशाल सागर में भटकाया है, यहां तक कि कभी-कभी मैं निराशा के अंतिम छोर तक जा पहुंचा हूं।

विज्ञापन


सबसे पहले मैंने प्रेम की तलाश की, क्योंकि वह ऐसा परमानंद देता है, जिसके कुछ ही क्षणों के लिए मैं जीवन की सारी उपलब्धियां न्योछावर कर सकता था। प्रेम की खोज इसलिए भी की, क्योंकि वह उस भयानक अकेलेपन को कम करता है, जिसमें एक कांपती हुई चेतना किनारे खड़ी होकर शून्य, ठंडे व निस्संग अंधकार को निहारती है। वह अकेलापन आत्मा को भीतर तक जमा देता है और मनुष्य को स्वयं से दूर कर देता है। मैंने प्रेम इसलिए भी चाहा, क्योंकि उसके मिलन में मुझे एक रहस्यमयी झलक दिखाई देती थी, मानो संतों और कवियों द्वारा कल्पित स्वर्ग का सूक्ष्म पूर्वाभास हो। यही वह अनुभूति थी, जिसकी मैंने कामना की और अंततः मैंने उसे पा लिया। उस प्राप्ति ने मेरे अंतर्मन में एक मधुर शांति और कृतज्ञता का संचार किया।
विज्ञापन


उतनी ही तीव्रता से मैंने ज्ञान की खोज भी की। मेरी इच्छा थी कि मैं मनुष्य के हृदय को समझ सकूं, उसके भावों और द्वंद्वों को जान सकूं। मैं यह जानना चाहता था कि आकाश में तारे क्यों चमकते हैं और ब्रह्मांड की व्यवस्था किस नियम से संचालित होती है। मैं सत्य के उन सूक्ष्म सूत्रों को पकड़ना चाहता था, जो दृश्य और अदृश्य जगत को जोड़ते हैं। यह बौद्धिक जिज्ञासा मेरे लिए केवल जानकारी प्राप्त करना नहीं थी, बल्कि आत्मा की तृप्ति का माध्यम भी थी। यद्यपि मैं इस दिशा में बहुत अधिक सफलता प्राप्त नहीं कर सका, फिर भी जो थोड़ा-बहुत समझ पाया, उसने मेरे जीवन को आलोकित किया और मेरे विचारों को व्यापकता दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रेम और ज्ञान मुझे ऊर्ध्व दिशा में, मानो स्वर्ग की ओर ले गए। किंतु करुणा ने मुझे बार-बार धरती पर लौटा दिया। पीड़ा की प्रतिध्वनियां मेरे हृदय में गूंजती रहीं और मुझे चैन से बैठने न दिया। अकाल से पीड़ित बच्चे, अत्याचार सहते निर्दोष लोग, असहाय वृद्ध, जो अपने ही परिवार पर बोझ समझे जाते हैं, और संसार में व्याप्त अकेलापन, ये सब उस आदर्श जीवन का उपहास करते प्रतीत होते हैं, जिसकी कल्पना हम करते हैं। जब भी मैं सुख और शांति के शिखर पर पहुंचना चाहता हूं, मानव दुख की पुकार मुझे नीचे खींच लाती है। मैं इसे कम करना चाहता हूं, परंतु अपनी सीमाओं के कारण असमर्थ रहता हूं, और इसी असमर्थता में स्वयं भी पीड़ा का अनुभव करता हूं। फिर भी आशा की एक सूक्ष्म ज्योति मेरे भीतर निरंतर जलती रहती है। यही मेरा जीवन रहा है। और यदि मुझे फिर अवसर मिले, तो मैं इसे उसी प्रकार पुनः जीना चाहूंगा।     - फ्रॉम द ऑटोबायोग्राफी ऑफ बर्ट्रेंड रसेल के अनूदित अंश

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed