सुंदरबन के सुंदरी वृक्ष: जैव विविधता के खजाने
सुंदरी वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित कर जलवायु परिवर्तन को कम करने में मदद करते हैं। इसकी जटिल जड़ प्रणाली तटीय क्षेत्रों को चक्रवात और समुद्री तूफानों से सुरक्षा प्रदान करती है।
विस्तार
सुंदरबन, विश्व का सबसे बड़ा मैंग्रोव वन, अपनी समृद्ध जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। इसका नाम यहां प्रचुर मात्रा में पाए जाने वाले सुंदरी वृक्षों (Heritiera fomes) के कारण पड़ा है। यह वन यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है.
पारंपरिक चिकित्सा में सुंदरी वृक्ष का उपयोग मधुमेह, यकृत विकार, पाचन समस्याओं और त्वचा रोगों के उपचार में किया जाता है। इन वृक्षों में एंटीनोसिसेप्टिव, एंटीऑक्सीडेंट, एंटीहाइपरग्लाइसेमिक, एंटीमाइक्रोबियल, और एंटीकैंसर जैसी महत्वपूर्ण औषधीय गुण पाए जाते हैं। सुंदरी वृक्ष की उलझी हुई घनी जड़ें मिट्टी के कटाव को रोकने में मदद करती हैं, जिससे यह पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पारिस्थितिकीय महत्व
सुंदरी वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित कर जलवायु परिवर्तन को कम करने में मदद करते हैं। इसकी जटिल जड़ प्रणाली तटीय क्षेत्रों को चक्रवात और समुद्री तूफानों से सुरक्षा प्रदान करती है। यह वृक्ष खारे पानी में उगता है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायता करता है।
स्थानीय निवासी इस वन और इन वृक्षों को पवित्र मानते हैं। वे जंगल में प्रवेश करने से पहले बोनबीबी और दक्षिण राय की पूजा करते हैं, जिन्हें जंगल और उसके जीवों का संरक्षक माना जाता है। बाघों से बचाव के लिए लोग अपने सिर के पीछे मुखौटा बांधते हैं ताकि बाघ भ्रमित होकर हमला न करें।
सुंदरी वृक्षों की संख्या में अत्यधिक कटाई, जलवायु परिवर्तन और ‘टॉप डाइंग’ रोग के कारण गिरावट आई है, जिससे इसे ‘संकटग्रस्त’ (Endangered) श्रेणी में रखा गया है। स्थानीय महिलाएं, विशेषकर वे जिनके पति बाघों द्वारा मारे गए हैं, सुंदरी वृक्षों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जिससे जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने में मदद मिल रही है।
व्यक्तिगत अनुभव
मेरा यह अनुभव बेहद सुंदर और दिल के करीब हैं। सुंदरवन की यात्रा अद्भुत अनुभव है।
लगभग दस साल पहले मैंने सुंदरवन की यात्रा की थी, जो जीवन के सबसे अनमोल अनुभवों में से एक रहा। दो दिन की यह यात्रा बोट पर ही होती है- जहां दिन-रात उसी बोट में रहना होता है। यह आपको एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाती है और बीच-बीच में सुंदरवन के प्रमुख स्पॉट्स पर घुमाती है।
नदी में चलते हुए मगरमच्छ, डॉल्फिन जैसे जलजीवों को देखना और किनारों पर फैली सुंदरी वृक्षों की सुंदरता मन मोह लेती है। इन वृक्षों की मिट्टी से निकली जड़ें और समुद्र की लहरों से टकराते दृश्य अत्यंत मनोहारी होते हैं। यहां जल, थल और आकाश- तीनों जगहों के जीव-जंतु एक साथ देखने को मिलते हैं।
बोट पर रहते हुए ऐसा महसूस होता है मानो आप दुनिया की भीड़ से कटकर प्रकृति की गोद में खो गए हों -जहां सौंदर्य और रोमांच एक साथ आपके स्वागत में खड़े हैं।
सुंदरबन की समृद्ध जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए सुंदरी वृक्षों का संरक्षण आवश्यक है। स्थानीय समुदायों की भागीदारी और जागरूकता के माध्यम से इन वृक्षों की रक्षा की जा सकती है, ताकि यह अनमोल धरोहर भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रह सके।
--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।