{"_id":"6b063587995fb9dbc10b20e8","slug":"power-of-forgiveness-free-your-mind-from-anger-and-emotional-burden-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"जीवन धारा: मन को बोझ से मुक्त करना ही है क्षमा, दूसरों की गलती की सजा खुद को क्यों दें?","category":{"title":"Blog","title_hn":"अभिमत","slug":"blog"}}
जीवन धारा: मन को बोझ से मुक्त करना ही है क्षमा, दूसरों की गलती की सजा खुद को क्यों दें?
Wed, 25 Nov 2026 06:44 AM IST
शिवम गर्ग
गौर गोपाल दास
गौर गोपाल दास
Published by: शिवम गर्ग
Updated Wed, 25 Nov 2026 06:44 AM IST
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
मन को बोझ से मुक्त करना ही है क्षमा
- फोटो :
Amar Ujala Graphics
विस्तार
कल्पना कीजिए कि आपके हाथ में एक जलता कोयला है और उसे आप उस व्यक्ति पर फेंकने का इंतजार कर रहे हैं, जिसने आपको चोट पहुंचाई है। लेकिन जब तक आप उसे फेंक नहीं देते, तब तक तो आप अपना ही हाथ जला रहे होते हैं। जीवन में क्रोध और कड़वाहट का मामला भी कुछ ऐसा ही है। जब कोई व्यक्ति हमारे साथ गलत बर्ताव करता है, विश्वास तोड़ता है, अपमान करता है या ऐसी चोट पहुंचाता है, जिसे हम लंबे समय तक भूल नहीं पाते, तो हमारे मन में उसके प्रति गुस्सा पैदा होता है और ऐसा होना स्वाभाविक भी है। लेकिन समस्या तब शुरू होती है, जब हम उस घटना को अपने मन में पाले रहते हैं। वह व्यक्ति तो शायद अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुका होता है, लेकिन हम अब भी उसी घटना को लेकर अटके रहते हैं।
ऐसे में, प्रश्न उठता है कि क्या हम वास्तव में उस व्यक्ति को दंड दे रहे हैं, या स्वयं को? अक्सर लोग समझते हैं कि यदि हमने किसी को क्षमा कर दिया, तो इसका मतलब है कि उसने जो किया, उसे हमने स्वीकार कर लिया। लेकिन ऐसा नहीं है। किसी की गलती को गलती मानना और उसके प्रति मन में जिंदगी भर के लिए घृणा पाल लेना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
क्षमा का अर्थ है अपने हृदय को नफरत का स्थायी घर न बनने देना। क्षमा करने के लिए सामने वाले का बदलना जरूरी नहीं है। हम अक्सर सोचते हैं कि जब तक सामने वाला अपनी गलती नहीं मान लेगा और माफी नहीं मांगेगा, तब तक हम उसे माफ नहीं करेंगे। लेकिन ऐसा सोच कर हम अपनी मानसिक शांति की चाबी किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ में दे देते हैं। हो सकता है, उसे कभी यह एहसास ही न हो कि उसने आपको कितना दुख पहुंचाया। तो क्या आप जीवन भर उसकी स्वीकारोक्ति की प्रतीक्षा करते रहेंगे? क्षमा का अर्थ केवल इतना है कि आपने अपने मन को उसके बोझ से मुक्त कर लिया। दूसरों को क्षमा करने से पहले स्वयं को क्षमा करना भी सीखना पड़ता है।
सवाल है कि क्या क्षमा करके हम वास्तव में दूसरे व्यक्ति को मुक्त करते हैं या फिर अपने मन को उसके प्रति बनी कड़वाहट से मुक्त करते हैं? संभव है, क्षमा करने के बाद दूसरे व्यक्ति के जीवन में कोई बदलाव ही न आए। उसे यह भी पता न चले कि आपने उसे क्षमा कर दिया है। लेकिन आपके भीतर जरूर कुछ बदल सकता है। आप उस घटना को याद करके पहले की तरह विचलित नहीं होंगे। आप अपने जीवन की ऊर्जा उन लोगों और कामों में लगा सकेंगे, जो वास्तव में आपके लिए महत्वपूर्ण हैं। यही क्षमा की सबसे बड़ी उपलब्धि है। जीवन बहुत छोटा है, इसे पुरानी शिकायतों, अधूरी माफियों और प्रतिशोध की इच्छाओं में खर्च करने के बजाय उन संबंधों, अनुभवों और संभावनाओं के लिए बचा कर रखिए जो आपको बेहतर मनुष्य बनाते हैं।
सूत्र: अगर किसी ने आपके साथ कुछ बुरा कर भी दिया है, तो उसे लेकर अपने भीतर नकारात्मकता पालने का कोई अर्थ नहीं है। अगर सांप ने आपको डस लिया, तो बदले में आप सांप को डस तो नहीं लेते। हर कोई अपने मूल स्वभाव के अनुसार व्यवहार करता है। जीवन में आगे बढ़ें और अपने मूल स्वभाव की रक्षा करें।