फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Oscar 2022 Will Smith Slapped Chris Rock For Wife Jada Pinkett Smith Bald Due To Alopecia

ऑस्कर अवॉर्ड बनाम जेडा का बाल विहीन सिर, औरतों पर मजाक से सजती महफ़िलों की रौनक!  

Sat, 02 Apr 2022 12:06 PM IST
Swati sharma स्वाति शैवाल
Updated Sat, 02 Apr 2022 12:06 PM IST
सार

सदियों से औरतों के पहनावे से लेकर उनके शरीर और दिमाग तक को लेकर जोक्स बनते रहे हैं, चलते रहे हैं। महिला आकर्षक नहीं है तो मजाक, महिला आकर्षक है तो मजाक, कम पढ़ी लिखी है तो मजाक और पढ़ी लिखी है तो भी मजाक।

विज्ञापन
Oscar 2022 Will Smith Slapped Chris Rock For Wife Jada Pinkett Smith Bald Due To Alopecia
ऑस्कर अवॉर्ड बनाम जेडा का बाल विहीन सिर - फोटो : twitter

विस्तार

आमतौर पर 'पसंदीदा पुरुष' की परिभाषा में कोई भी युवती या महिला एक गुण जरूर शामिल करती है। वह गुण होता है पुरुषों में अच्छे सेंस ऑफ ह्यूमर का होना या पुरुष का मजाकिया होना। दूसरों को हंसाना या मजाक करना पुरुष के लिए गुण है लेकिन यह महिलाओं के मामले में अवगुण बन जाता है। ज्यादा या बेवजह हंसने वाले औरतों को चरित्रहीन, चालू और मर्यादाहीन समझा जाता है। उस  पर तुर्रा यह कि पुरुषों द्वारा किये जाने वाले ज्यादातर जोक्स या मजाक की पात्र स्त्रियां होती हैं। मतलब औरतें मजाक तो बन सकती हैं लेकिन मजाक कर नहीं सकतीं।

विज्ञापन


औरतों को लेकर मजाक उड़ाना आज का मामला नहीं है। सदियों से औरतों के पहनावे से लेकर उनके शरीर और दिमाग तक को लेकर जोक्स बनते रहे हैं, चलते रहे हैं। महिला आकर्षक नहीं है तो मजाक, महिला आकर्षक है तो मजाक, कम पढ़ी लिखी है तो मजाक और पढ़ी लिखी है तो भी मजाक। इस मजाक के इतने रूप हैं कि इनपर अलग से एक ग्रन्थ लिखा जा सकता है। आश्चर्य की बात यह कि इस तरह का मजाक करने और उसपर हंसने वालों में खुद महिलाएं भी शामिल होती हैं। 
विज्ञापन


फिल्म कला को समर्पित दुनियाभर में प्रसिद्ध पुरस्कार हैं ऑस्कर या एकेडमी अवॉर्ड्स। हॉलीवुड के अलावा विश्वभर से इस पुरस्कार के लिए फिल्में नामांकित होती हैं। भारत मे भी इस पुरस्कार को लेकर खासा क्रेज है। बहरहाल इस बार इन पुरस्कारों के 94 वें संस्करण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे थे अभिनेता और कॉमेडियन- क्रिस रॉक। संचालन करते करते उन्होंने दर्शकों में बैठे अभिनेता विल स्मिथ और उनकी पत्नी के बारे में बात की और वे विल की पत्नी जेडा पिंकेट स्मिथ को लेकर निजी टिप्पणी कर गए। यह टिप्पणी जेडा के गंजे सिर को लेकर थी। पहले तो विल भी इस बात पर हंस दिए लेकिन कुछ ही पलों में वे स्टेज पर पहुंचे और क्रिस को एक पंच जड़ दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

'द ऑस्कर' का आयोजन और उसमें हुए इस रियल लाइफ सीन ने कई प्रश्न फिर से जगा दिए हैं। कुछ लोग विल स्मिथ की बुराई कर रहे हैं तो कुछ पत्नी के समर्थन में उनके एक्शन के लिए उनकी तारीफ कर रहे हैं। 

कहने वालों ने यह भी कहा होगा-'हुंह, गंजा ही तो कहा था। उसमें इतना बवाल करने की क्या जरूरत थी? लेकिन एक सेलिब्रिटी होने से इतर एक इंसान होने के नाते भी विल स्मिथ ने शायद अपनी पत्नी के साथ तकलीफ के उन क्षणों को जिया होगा। इसलिए उन्होंने त्वरित प्रतिक्रिया दी। बाद में उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा भी- जोक्स हमारे काम का एक हिस्सा हैं लेकिन जेडा की मेडिकल कंडीशन पर किया गया यह जोक मेरे लिए असहनीय था और मैंने भावुक होकर प्रतिक्रिया दे डाली। 

Oscar 2022 Will Smith Slapped Chris Rock For Wife Jada Pinkett Smith Bald Due To Alopecia
जैडा पिंकेट स्मिथ - फोटो : Instagram

जेडा पिंकेट स्मिथ को एलोपेशिया नामक समस्या है जिसकी वजह से उनके बाल झड़ गए और इसी गंजेपन को लेकर क्रिस रॉक ने उनका माजक उड़ाया। एलोपेशिया ऐसी बीमारी है जिसमें केवल सिर के बाल ही नहीं, भौंहों और पलकों तक के बाल झड़ जाते हैं और वापस नहीं आते। 

ये हमारे समाज का दोहरा चरित्र है कि पुरुष गंजा है, तोन्दीयल है तो यह उसकी समृद्धि का परिचय है। लेकिन महिला अगर गंजी है, मोटी है तो वह मजाक की पात्र है। सेलिब्रिटीज़ ही नहीं आम समाज मे आपको ऐसे कई उदाहरण अपने आस पास मिल जाएंगे जहां महिलाओं पर बेवजह के मजाक करना फन, इंटरटेनमेंट और अधिकार की सूची में आता है। 

कुछ सालों पहले हमारे पड़ोस में एक व्हाइट कॉलर जॉब वाले सज्जन! रहा करते थे। सींकिया पहलवान की श्रेणी में आने वाले उन अंकल की गोल-मटोल बीवी दिनभर घर के कामों में लगी रहतीं। कभी ढेर सारे कपड़े धोती दिखाई देतीं तो कभी रसोई में नई रेसिपी ट्राय करती। पत्नी का गोल-मटोल होना उक्त पति के लिए अपमान का विषय था। इसलिए वे कहीं भी किसी के भी सामने पत्नी का मजाक बना डालते। और तो और घर में भी उन्होंने पत्नी के नाम के पीछे 'मोटी' शब्द का प्रत्यय लगाकर ही सम्बोधित करने की प्रथा बना ली थी जिसका पालन उनके दोनों बच्चे भी किया करते। ये उनके घर मे एंटरटेनमेंट का एक प्रकार था। वे अपनी पत्नी का पहला नाम लेते और बच्चे उसके पीछे मोटी शब्द लगा देते और फिर पिता और बच्चे खिलखिला कर हंसते। पत्नी के प्रतिकार करने का तो सवाल ही नहीं था, एक दो बार बच्चों को टोकने की कोशिश की तो पति ने और डांट लगा डाली। और यह मजाक चिरस्थाई हो गया। 

हालांकि किसी सार्वजनिक मंच पर इस तरह की प्रतिक्रिया वाकई  अधीरता की निशानी हो सकती है लेकिन यहां यह बात सोचने लायक है कि जोक अगर विल स्मिथ की पत्नी की बजाय किसी अन्य महिला पर कहा जाता, तब भी क्या विल स्मिथ की प्रतिक्रिया यही होती? अगर इसका जवाब हां है, तो निश्चित ही स्वागत योग्य कदम होता।
--------------------
 

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed