{"_id":"6728aa3a699fe9180003848b","slug":"ind-vs-nz-these-3-players-are-responsible-for-the-defeat-in-the-test-series-against-new-zealand-2024-11-04","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IND vs NZ टेस्ट सीरीज: शर्मनाक हार के दोषी हैं ये चार धुरंधर खिलाड़ी, इन्हें दें संन्यास","category":{"title":"Blog","title_hn":"अभिमत","slug":"blog"}}
IND vs NZ टेस्ट सीरीज: शर्मनाक हार के दोषी हैं ये चार धुरंधर खिलाड़ी, इन्हें दें संन्यास
सार
विराट कोहली ने पहली पारी में एक रन व दूसरी पारी में 17 रन, रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में 38 व दूसरी में 42, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने पहली पारी में चार व दूसरी पारी में 18 रन की पारी खेली। दूसरे टेस्ट में भी खिलाड़ियों का परफॉर्मेंस बेहद दोयम दर्जे का रहा।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड
- फोटो : BCCI
विस्तार
न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया घर में टेस्ट सीरीज 3-0 से हार गई। इस शर्मनाक हार के कारणों को लेकर मंथन जारी है, लेकिन इस सीरीज को गंवाने में चार खिलाड़ी मुख्य रूप से दोषी नजर आते हैं। पहले स्वयं कप्तान रोहित शर्मा हैं, दूसरे पूर्व कप्तान विराट कोहली, तीसरे ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा व चौथे रविचंद्रन अश्विन हैं। इन चारों खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता के अनुसार खेल का प्रदर्शन नहीं किया।
विज्ञापन
बेंगलुरु में पहला टेस्ट मैच बारिश के कारण बाधित रहा, लेकिन मात्र ढाई दिन में न्यूजीलैंड ने इस मैच को 8 विकेट से जीत लिया। इस टेस्ट मैच में रोहित शर्मा ने पहली पारी में दो और दूसरी पारी में मात्र 52 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने पहली पारी में शून्य और दूसरी पारी में 70 रन, रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में शून्य व दूसरी पारी में पांच और रविचंद्रन अश्विन ने पहली पारी में शून्य व दूसरी पारी में 15 दिन जोड़े। इस मैच की पहली पारी में भारत 46 रनों पर ऑल आउट हो गया था।
विज्ञापन
दूसरा टेस्ट मैच पुणे में खेला गया, जिसमें न्यूजीलैंड ने 113 रनों से जीत दर्ज की। इस मैच में भी रोहित शर्मा पहली पारी में अपना खाता नहीं खोल सके, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 8 रन बनाए।
विज्ञापन
विराट कोहली ने पहली पारी में एक रन व दूसरी पारी में 17 रन, रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में 38 व दूसरी में 42, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने पहली पारी में चार व दूसरी पारी में 18 रन की पारी खेली। दूसरे टेस्ट में भी खिलाड़ियों का परफॉर्मेंस बेहद दोयम दर्जे का रहा।
तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जिसे न्यूजीलैंड की टीम ने 25 रनों से जीता। भारत को न्यूजीलैंड ने चौथी पारी में 147 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन हमारे कागजों में रिकॉर्डधारी बल्लेबाज लक्ष्य से पीछे रह गए।
इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने पहली बारी में 18 व दूसरी में 11 रन, विराट कोहली ने पहली पारी में चार व दूसरी में एक रन, रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में 14 व दूसरी में 6 रन और रविचंद्रन अश्विन ने पहली पारी में 6 व दूसरी पारी में 8 रन ही बनाएं।
बांग्लादेश के खिलाफ घर में टेस्ट सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद थे, लेकिन न्यूजीलैंड के आगे जिस तरह से टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने हथियार डाले हैं, वो आश्चर्यजनक है। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों से यह उम्मीद की जाती है कि वो टीम इंडिया को मजबूती प्रदान करेंगे।
रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ऑलराउंडर की भूमिका में टीम में शामिल किए गए हैं। दोनों को निचले क्रम में बल्लेबाजी को मजबूत करना होता है। इस टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, सरफराज और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों ने जरूर थोड़ा संघर्ष किया और स्कोर बोर्ड पर रन लगाए।
घर में हार के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को धक्का लगा है। टीम इंडिया को आगे ऑस्ट्रेलिया से टेस्ट सीरीज खेलनी है। अब इस सीरीज में उन्हें ऑस्ट्रेलिया को 4-0 से उसके घर में पराजित करना होगा, जो फिलहाल संभव नजर नहीं आता है। घर में हारकर टीम इंडिया ने अपनी तैयारियों की पोल भी खोल ली है।
जिस तरह से रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी-20 क्रिकेट से संन्यास लिया है। यदि ऑस्ट्रेलिया सीरीज पर ये खिलाड़ी अच्छा परफॉर्मेंस नहीं करते तो इन्हें टेस्ट क्रिकेट से भी ने संन्यास दे दिया जाना चाहिए। रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन भी अपने करियर की ढलान पर हैं। दोनों को संन्यास ले लेना चाहिए। अब जरूरत युवाओं की नई टेस्ट टीम खड़ा करने की है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।