फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Art of Shaping Yourself Why Letting Go Can Be More Important Than Achieving More in Life

सफल जीवन का तरीका: खुद को तराशने में ही जिंदगी की मजेदारी, क्या बेहतर जीने के लिए कुछ छोड़ना भी जरूरी है?

Wed, 07 Oct 2026 07:31 AM IST
निकोलस लेमन Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 07 Oct 2026 07:31 AM IST
सार

क्या जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए लगातार कुछ नया हासिल करना जरूरी है? हम अक्सर समय की कमी की शिकायत करते हैं, लेकिन असली समस्या समय की नहीं, हमारे बंटे हुए ध्यान की होती है। हम उपलब्धियों की लंबी सूची बनाने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि यह देखना भूल जाते हैं कि हमारा समय वास्तव में कहां जा रहा है। तो क्या बेहतर जिंदगी का रास्ता ज्यादा पाने में नहीं, कुछ छोड़ने में छिपा है? आइए, विस्तार से इस पूरे ब्लॉग को पढ़ते हैं...

विज्ञापन
Art of Shaping Yourself Why Letting Go Can Be More Important Than Achieving More in Life
कैसे जिंदगी को बनाए बेहतर? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अक्सर लोग कहते मिल जाएंगे कि मेरे पास समय नहीं है, दिन छोटा पड़ जाता है, हफ्ता देखते ही देखते बीत जाता है और साल कैसे गुजर गया, पता ही नहीं चला। लगता है कि यदि हमारे पास कुछ और घंटे होते, तो हम वह काम भी कर लेते, जो अभी तक नहीं कर पाए थे। लेकिन, मुझे लगता है कि हमारी समस्या समय की कमी नहीं है। समस्या यह है कि हमारा ध्यान बहुत-सी जगहों पर बंटा है। समय तो हर मनुष्य को रोजाना एक समान ही मिलता है। बस फर्क इस बात में है कि हम उस समय के साथ क्या करते हैं। यही धीरे-धीरे हमारे जीवन को आकार देता है।

विज्ञापन


आधुनिक जीवन ने हमें जीवन को जीने के बजाय उसका हिसाब रखना सिखा दिया है। अब हम उपलब्धियां गिनते हैं। कितनी पढ़ाई की, कितना कमाया, कितनी संपत्ति बनाई, कितनों को पीछे छोड़ा, और कितनी यात्राएं कीं आदि। लगता है, जैसे जीवन कोई ऐसी सूची हो, जिसमें जितने अधिक खाने टिक कर दिए जाएं, जीवन उतना ही सफल माना जाए। लेकिन, जीवन कोई सूची नहीं है। वह तो एक आकार है। 
विज्ञापन


जब एक मूर्तिकार पत्थर पर काम करता है, तो वह हर क्षण उसमें कुछ जोड़ता नहीं रहता। वह केवल अनावश्यक पत्थर हटाता है और फिर धीरे-धीरे उसे एक आकृति दिखाई देने लगती है, जो पहले से उस पत्थर के भीतर संभावित रूप में मौजूद थी। जीवन भी कुछ ऐसा ही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


हम सोचते हैं कि जीवन को अच्छा बनाने के लिए हमें लगातार कुछ न कुछ हासिल करना होगा, जबकि जीवन का एक जरूरी हिस्सा यह सीखना है कि क्या नहीं करना है। कभी-कभी जीवन को बेहतर बनाने का सबसे अच्छा तरीका उसमें कुछ नया जोड़ना नहीं, बल्कि कुछ अनावश्यक चीजें निकाल देना होता है। जैसे-हर अवसर पकड़ना या हर इच्छा पूरी करना जरूरी नहीं और हर उपलब्धि के पीछे भागना भी आवश्यक नहीं। 

हमारे पास समय इसलिए कम नहीं है कि घड़ी तेजी से चल रही है, बल्कि इसलिए कम महसूस होता है, क्योंकि हमारा ध्यान लगातार एक चीज से दूसरी चीज की ओर खिंचता रहता है। शरीर कहीं होता है, मन कहीं और। इस दौड़ में मनुष्य अपने वर्तमान को भविष्य की किसी उपलब्धि के बदले गिरवी रख देता है। इसलिए, समस्या उपलब्धि में नहीं है। समस्या तब शुरू होती है, जब उपलब्धि जीवन का एकमात्र पैमाना बन जाती है।

इसलिए कभी-कभी हमें अपने जीवन की सूची को देखना बंद करके यह देखना चाहिए कि क्या मेरा समय उन चीजों को मिल रहा है, जिन्हें मैं वास्तव में जरूरी मानता हूं? यहीं से जीवन में एक अलग प्रकार की ईमानदारी शुरू होती है। जीवन का सच्चा आत्म-मूल्यांकन उपलब्धियों की सूची नहीं, बल्कि समय के उपयोग को देखकर किया जा सकता है। शायद यही जीवन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


सिर्फ जोड़ें नहीं, छोड़ें भी...
जीवन उपलब्धियों को गिनने वाली सूची नहीं, बल्कि एक सुंदर मूर्ति की तरह है। मूर्तिकार पत्थर में कुछ जोड़ता नहीं, केवल व्यर्थ के पत्थरों को छांटकर भीतर छिपे स्वरूप को उजागर करता है। ठीक वैसे ही, जीवन की सुंदरता अधिक पाने में नहीं, बल्कि सही चीजों के लिए जगह बनाने में है। कभी-कभी आगे बढ़ने के लिए कुछ चीजों को पीछे छोड़ना पड़ता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed