बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को गांव बामडौली में जनसंपर्क अभियान चलाकर नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। संगठन सचिव जयकरण मांडौठी ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और निजी संस्थानों में शिक्षा महंगी हो गई है। उन्होंने रोजगार की कमी, खेती में बढ़ती लागत, महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों को लागत का डेढ़ गुना एमएसपी देने की कानूनी गारंटी का वादा पूरा नहीं किया। ब्लॉक कमेटी सदस्य राजबीर सिंह छिल्लर ने बीज बिल-2025, लैंड पूलिंग पॉलिसी और नेशनल कृषि मार्केटिंग पॉलिसी पर चिंता जताई। जिला कमेटी सदस्य रामकिशन ने किसानों और मजदूरों के शोषण के खिलाफ आंदोलन की जरूरत बताई। इस दौरान मास्टर कप्तान सिंह, प्रकाश ठोलेदार, धर्मबीर सिंह, विरेंद्र सिंह, नरेंद्र पाराशर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।