झज्जर। सिद्ध बाबा कांशीगिरि महाराज मंदिर में 323वां सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या आयोजित की गई। इस दौरान पंडित पवन कौशिक ने कहा कि श्राद्ध वही है, जो श्रद्धा से किया जाए। पूर्वज हमारे पूजनीय हैं और श्राद्ध के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से पितरों का आशीर्वाद बना रहता है। उन्होंने कहा कि श्राद्ध पक्ष में श्रद्धापूर्वक भगवान विष्णु की आराधना करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु और हनुमानजी की पूजा-अर्चना की। सुंदरकांड वाचक योगेश रंजन सहित श्रद्धालुओं ने संगीतमयी सुंदरकांड का सामूहिक गायन किया। मीनू शर्मा, ताराचंद भूटानी, योगेश रंजन, पुनीत सुखीजा, अमित दहिया और राजेंद्र वधवा ने भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। बाबा चालीसा, हनुमान चालीसा और आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर नगर पार्षद सुषमा गोसाई सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।