झज्जर। सीबीएसई नॉर्थ जोन बालिका वर्ग बॉक्सिंग चैंपियनशिप का उद्घाटन रविवार को शहर के एक निजी स्कूल में हुआ। उद्घाटन समारोह में पांच राज्यों से पहुंचे सैकड़ों बालिका खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कोच हितेश मुख्य अतिथि रहे, जबकि डॉ. प्रीति गोयल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
स्पोर्ट्स एचओडी आनंद यादव ने बताया कि चैंपियनशिप में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से करीब 300 स्कूलों की लगभग 400 बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबलों के साथ प्रतिभागियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने बताया कि चैंपियनशिप का आयोजन 3 सितंबर तक किया जाएगा। इस दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।