J&K पर दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक, महबूबा को नहीं बुलाया
जम्मू-कश्मीर पर दिल्ली में उच्चस्तरीय राजनीतिक और सामरिक समीक्षा बैठक हुई। गृह मंत्री राजनाथ सिंह के निवास पर हुई इस बैठक में वित्त मंत्री अरुण जेटली, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर, पीएमओ में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक मामलों के प्रभारी राम माधव शामिल हुए।
बैठक के बाद जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पीडीपी के साथ साझा सरकार सुचारु तरीके से चल रही है। इस बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि वहां की राजनीतिक और सामरिक जटिलता पर आगे कौन से कदम उठाए जाने चाहिए।
सिंह के मुताबिक इस बैठक में कश्मीरी पंडितों के मुद्दे पर भी लंबी बातचीत हुई है। रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने कहा कि एलओसी, अंतरराष्ट्रीय सीमा, आतंकवाद समेत सेना और सुरक्षा बलों की मौजूदगी पर चर्चा हुई। लेकिन, बुधवार की बैठक में किसी मुद्दे पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया जा सका है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भी राजनाथ और परिकर ने जम्मू-कश्मीर पर अलग से बैठक की थी।
महबूबा को न बुलाने पर कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने महबूबा मुफ्ती को दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय बैठक में न बुलाए जाने पर तंज कसा है। उमर ने ट्वीट कर कहा कि जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर चर्चा हुई और मुख्यमंत्री को शामिल नहीं किया गया।
इससे लगता है कि महबूबा मुफ्ती दिल्ली का दौरा केवल बड़े लोगों को बुके देकर फोटो खिंचाने के लिए करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल एनएन वोहरा इससे पहले हुई बैठक में शामिल हुए थे। हालांकि, आज की बैठक में वे भी उपस्थित नहीं थे।
उमर ने कहा कि श्रीनगर से दिल्ली के बीच रोजाना 20 से अधिक फ्लाइट हैं और राज्य का अपना भी विमान है। इस वजह से इस मामले में साधनों की कमी का बहाना नहीं बनाया जाना चाहिए।