{"_id":"5730389b4f1c1b7d0a91985e","slug":"car-used-in-rice-miller-robbery-found","type":"story","status":"publish","title_hn":"राइस मिलर लूटकांड में प्रयुक्त कार बरामद ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राइस मिलर लूटकांड में प्रयुक्त कार बरामद
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
Updated Mon, 09 May 2016 12:43 PM IST
विज्ञापन
लूट,
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिंदुखेड़ा लूटकांड के आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। 26 घंटे की रिमांड पर लेने के बाद पुलिस ने लूटकांड के तीनों आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर लूटकांड में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है, जबकि लूटी गई कार पहले ही पंजाब पुलिस बरामद कर चुकी है। लूटकांड के आरोपियों ने कार में महज चार हजार रुपये की नगदी होने की बात स्वीकारी है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पंजाब के कुख्यात गैंगेस्टर रहे सुक्खा काहलवां गुट से उनकी गैंगवार भी चल रही थी।
विज्ञापन
बता दें कि बीती 11 अप्रैल को स्विफ्ट कार सवार तीन युवकों ने बिंदुखेड़ा के राइस मिलर्स का अपहरण कर लिया था, जिसके बाद उसे काशीपुर रोड पर फेंककर बदमाश व्यापारी की होंडा सिटी कार लेकर फरार हो गए थे। व्यापारी से दिनदहाड़े हुई लूटकांड की वारदात से पुलिस भी सकते में आ गई थी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी कर अभियान चलाया, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया। इधर, 26 अप्रैल को जालंधर में पंजाब पुलिस ने रुद्रपुर से लूटी गई कार के साथ तीन लोगों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए थे।
विज्ञापन
पुलिस ने लूटकांड के तीनों आरोपियों गुरु इकबाल सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी गुदाना कपूरथला, अमरवीर सिंह और हरजोत सिंह पुत्रगण रूपेंद्र सिंह निवासी सुल्तानपुर लोधा कपूरथला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। कोर्ट से बी वारंट मिलने के बाद आरोपियों को रुद्रपुर लाया गया। पुलिस ने तीनों को रिमांड पर लेने के लिए आवेदन भी किया था। इधर, शनिवार को सीमा डुंगराकोटी की अदालत ने तीनों आरोपियों को 26 घंटे की रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार को तीनों आरोपियों से कोतवाली में पूछताछ शुरू हुई जिसमें उन्होंने कई खुलासे किए।
विज्ञापन
गैंगवार में मारे जाने के डर से किया था तराई का रुख
बिंदुखेड़ा लूटकांड के बदमाशों ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सुखबीर सिंह काहलवां उर्फ सुक्खा नामक कुख्यात गैंगेस्टर और शॉर्पशूटर से पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते उनकी कई बार गैंगवार भी हुई थी। गैंगवार में दोनों गुटों के दर्जनों लोगों की मौत भी हो चुकी है। सुक्खा पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में आतंक का पर्याय था। शार्प शूटर के साथ ही सुक्खा जरायम की दुनिया का बेताज बादशाह भी माना जाता था।
सुक्खा पर पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में 40 मुकदमे दर्ज थे। काफी मशक्कत के बाद पंजाब पुलिस ने कुख्यात सुक्खा को गिरफ्तार कर लिया था। पंजाब पुलिस के छह जवान 22 जनवरी 2015 को जब उसे फगवाड़ा से कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रहे थे, तब जमालपुर के पास उसे गोलियों से छलनी कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर नाभा जेल पुलिस के सामने से फरार होने में कामयाब रहे थे। सुक्खा मर्डर केस में पंजाब पुलिस ने विक्की गौंडर को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसने कई अहम खुलासे किए थे। खुलासे में बिंदुखेड़ा लूटकांड के आरोपी अमरवीर सिंह, हरजोत सिंह का नाम भी शामिल था।
इतना ही नहीं अमरवीर सिंह और हरजोत सिंह कपूरथला जेल के डिप्टी जेलर विक्रमजीत पांथे पर हमले के भी आरोपी रहे हैं। डिप्टी जेलर अटैक प्रकरण में परमवीर सिंह रिंका नाम का कुख्यात गैंगस्टर भी शामिल था। सुक्खा हत्याकांड में पुलिस ने तीनों को पांच जुलाई 2015 को हिरासत में ले लिया था।
इधर, पंजाब की जालंधर कोर्ट से जमानत मिली तो उन्हें अपनी हत्या का डर सताने लगा, जिसके बाद उन्होंने तराई (ऊधमसिंह नगर) का रुख करना ही बेहतर समझा। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह वर्ष 2010 के वह आसपास रुद्रपुर आ चुके हैं। लोकल कनेक्शन के कारण ही उन्हें यह इलाका इतना मुफीद लगा और यहां आ गए, लेकिन पकडे गए।
सालभर पूर्व हुई थी अरेस्टिंग
पंजाब के कुख्यात गैंगेस्टर सुक्खा मर्डर केस में शामिल हरजोत सिंह हैरी, अमरवीर सिंह और गुरु इकबाल सिंह को पुलिस ने पांच जुलाई 2015 को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से तीनों जेल में बंद थे। जेल में ही तीनों ने पंजाब से कूच करने की रणनीति बना ली थी। इसके बाद उन्होंने लोकल कनेक्शन भी तलाश लिया था, बस इंतजार था तो जमानत मिलने का।
पत्नी की हत्या का भी आरोपी है गुरु इकबाल
बिंदुखेड़ा लूटकांड में शामिल गुरु इकबाल सिंह पर अपनी पत्नी को जलाकर मारने का भी आरोप है। उसने पत्नी को 2009 में जलाकर मार डाला था। मामले में उसे 10 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। इस बीच वह पैरोल पर छूटा हुआ था। एक सप्ताह बाद उसे दोबारा जेल जाना था।