रुड़की में हादसा: टेंपो ट्रैवलर और ई-रिक्शा की भिड़ंत, शादी में जा रहे 23 यात्रियों में मची चीख-पुकार
रुड़की के मंगलौर में आज दर्दनाक हादसा हो गया। पुराना नहर पुल के पास टेंपो ट्रैवलर और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो ट्रैवलर में सवार एक महिला घायल हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी 23 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से 25 सीटर टेंपो ट्रैवलर में 23 यात्री सवार होकर ऋषिकेश में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वाहन पुराना नहर पुल के पास पहुंचा, सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी सुमित्रा देवी(55) घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल महिला को निजी वाहन से अस्पताल मंगलौर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। टेंपो ट्रैवलर दिल्ली निवासी खालिद चला रहा था, जबकि ई-रिक्शा थिथकी कवादपुर निवासी सुंदर के हाथों में था।
हादसे के बाद सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन खड़े होने से जाम लग गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर थाने भिजवाया और यातायात सुचारु कराया। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्रियों के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई और सभी को सुरक्षित ऋषिकेश रवाना कर दिया गया। सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
