फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   Rajim Kumbh Mela 2024 will be held again after five years: Mall Road will be built on lines of Shimla, Manali

पांच साल बाद फिर लगेगा राजिम कुंभ मेला: शिमला, मनाली के तर्ज पर बनेगा मॉल रोड, मंत्री बृजमोहन के कई बड़े फैसले

Thu, 04 Jan 2024 02:32 PM IST
ललित कुमार सिंह अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर
अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर Published by: ललित कुमार सिंह Updated Thu, 04 Jan 2024 02:32 PM IST
सार

Rajim Kumbh Mela 2024: छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनने के बाद पांच साल बाद फिर फरवरी 2024 में राजिम में कुंभ लगेगा। छत्तीसगढ़ का प्रयागराज और त्रिवेणी संगम नगरी राजिम फिर साधु-संतों के पावन सानिध्य से गुजलार होगी।

विज्ञापन
Rajim Kumbh Mela 2024 will be held again after five years: Mall Road will be built on lines of Shimla, Manali
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

Rajim Kumbh Mela 2024: छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनने के बाद पांच साल बाद फिर फरवरी 2024 में राजिम में कुंभ लगेगा। छत्तीसगढ़ का प्रयागराज और त्रिवेणी संगम नगरी राजिम फिर साधु-संतों के पावन सानिध्य से गुलजार होगी। छत्तीसगढ़ के मैनपाट, रामगढ़ और चैतुरगढ़ जैसे हिल स्टेशन में शिमला, मनाली की तर्ज पर मॉल रोड बनाए जाएंगे। ताकि सैलानी प्रदेश के सुंदर अद्भुत नजारों का आनंद हाईटेक सुविधाओं के साथ ले सकें। पिछले दिनों देर शाम 6 घंटे तक महानदी भवन मंत्रालय में चली मैराथन बैठक में स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेशहित में कई अहम फैसले लिए। बैठक में राजिम कुंभ मेले को भव्य तरीके से मनाने, प्रदेश की विरासत सिरपुर को वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल करने, कक्षा 9वीं में सभी वर्ग के बच्चों को स्कूल में निःशुल्क साइकिल और 12वीं तक पाठ्य पुस्तकों के निःशुल्क वितरण के भी निर्देश दिए गए। 

विज्ञापन



भव्य तरीके से आयोजित होगा राजिम कुंभ मेला
मंत्री अग्रवाल ने सिरपुर को वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल कराने के लिए जरूरी प्रयास करने एवं राजिम कुंभ मेला की तैयारी के संबंध में जानकारी लेकर इसके आयोजन को भव्य बनाने की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। राजिम मंदिर के चारों ओर परिक्रमा पथ बनाने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को राज्य के मेला महोत्सव को बढ़ावा देने के निर्देश भी जारी किए हैं, ताकि मेला को पर्यटन की तर्ज पर बढ़ावा मिल सके। उन्होंने पर्यटन के प्रचार-प्रसार और विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि हम छत्तीसगढ़ में मैनपाट जैसे हिल स्टेशन वाले शहरों में शिमला, मनाली के तर्ज पर मॉलरोड बनाएंगे। सरगुजा के रामगढ़ और चैतुरगढ़ जैसे स्थानों का विकास हिल स्टेशन के रूप में करेंगे ताकि यहां राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को लुभा सके। अग्रवाल ने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य के सभी पर्यटन स्थलों एवं मेले महोत्सवों के विकास पर विशेष ध्यान दें। 
विज्ञापन





सिरपुर को वर्ल्ड हेरिटेज साइट पर शामिल कराने की तैयारी 
बृजमोहन अग्रवाल ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हम प्रदेश में पर्यटन को उद्योग का दर्जा देकर व्यवसायों को बढ़ावा देंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे। उन्होंने कहा कि हम ’छत्तीसगढ़ राज्य मार्केटिंग सेल’ की स्थापना कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन में राज्य की छवि को बेहतर कर राज्य की पर्यटन क्षमता को बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने घोषणा पत्र में शामिल ’प्रदेशवासियों को श्री रामलला दर्शन’ कराने के लिए अधिकारियों को निश्चित कार्ययोजना बनाने के लिए आईआरसीटीसी एवं बस ट्रांसपोर्ट्स, होटल मैनेजमेंट आदि की तैयारी करने और राम वन गमन परिपथ योजना के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


'भर्ती प्रक्रिया में कोताही बर्दाश्त नहीं'
मंत्री अग्रवाल ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बेहतर शिक्षा प्रदान करना हमारा मकसद है। हमारी सरकार किसी भी योजना को लेकर पूर्वाग्रह से कार्य नहीं करेगी। व्यवस्था पहले से बेहतर और स्थाई हो ताकि विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल हो, इसी सोच के साथ हम आगे बढ़ेंगे। अग्रवाल ने विभागों की भर्ती एवं नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शीं रखने के संबंध में सख्त हिदायत दी और कहा किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यदि ऐसा हुआ तो दोषी पाए जाने पर कठोर कार्यवाही होगी। शिक्षा विभाग में पिछली भर्ती में बचे हुए चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की प्रक्रिया को भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।



9वीं कक्षा में सभी वर्ग के विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क साइकिल
स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए अग्रवाल ने कहा कि अब 9वीं के सभी वर्ग के बालक-बालिकाओं को उच्च गुणवत्ता के साइकिल मुफ्त वितरित किए जाएंगे। स्कूलों में एयर-पम्प की व्यवस्था भी की जाएगी। अग्रवाल ने अधिकारियों को 12वीं तक के प्रत्येक विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ निःशुल्क पाठ्य पुस्तक भी देने की तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल के निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न हो, सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरे हों। इस बैठक में मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना के तहत अनुसूचित जाति जनजाति के मेधावी छात्रों नियमित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट स्थान पर प्रोत्साहन राशि 15 हजार रूपए से बढ़ा कर 25 हजार रूपए करने का निर्णय भी लिया गया।

मेरिट के आधार पर शिक्षकों की होगी पोस्टिंग
अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अब राज्य में सीए, सीएस, बैंकिंग, रेलवे के साथ-साथ सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्ता पूर्ण निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था होगी। हम सैनिक स्कूल को बढ़ावा देंगे जिससे शिक्षा एवं रोजगार में विस्तार हो सके। शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को ये भी निर्देश दिया कि नई नियुक्तियों में ध्यान दे कि शिक्षकों की पोस्टिंग मेरिट के आधार पर आस-पास के जिले में ही हो, जिससे वे पूरी दक्षता के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर सकें। साथ ही हर महीने सभी अधिकारी-कर्मचारियों का वेतन निश्चित अवधि में प्राप्त हो। 



100 कॉलेजों में अंग्रेजी माध्यम के सेक्शन खोलने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश 
उच्च शिक्षा विभाग के समीक्षा बैठक लेते हुए अग्रवाल ने अधिकारियों को कार्यों में तीव्रता लाने के स्पष्ट निर्देश दिए और कहा कि किसी भी फाइल को अधिकारी अपने पास 7 दिन से अधिक न रोकें, ऐसा होने पर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अग्रवाल ने रिक्त पदों के लिए भी 7 दिवसों के भीतर भर्ती नियम बनाने और विभागों को जल्द सेटअप रिवीजन करने के निर्देश भी दिए हैं ताकि पदोन्नति, भर्ती, नियुक्ति, ट्रांसफर और सेटअप सब निर्धारित समय-सीमा के भीतर हो जाए। अग्रवाल ने उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विश्वविद्यायलों के ग्रैडिंग सुधारने, रिक्त पदों को भरने, कॉमर्स और विज्ञान संकाय को बढ़ावा देने की भी बात कही। साथ ही महाविद्यालयों में बीएससी पाठ्यक्रम में कृषि विज्ञान को सम्मिलित करने की तैयारी के निर्देश दिए। कॉलेजों में सामान्य शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, नैतिक व आध्यात्मिक शिक्षा को भी बढ़ावा देने पर जोर दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएसआर के तहत कॉलेजों के लिए फंड जुटाएं और बेहतर व्यवस्था देने का प्रयास करें। धन के अभाव में जो विद्यार्थी कॉलेज नहीं आ पाते हैं उन्हें सरकार बस का किराया या पास उपलब्ध कराने की तैयारी के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।



15 दिन तक लगेगा राजिम कुंभ 
सूत्रों के अनुसार, 22 फरवरी से राजिम कुंभ मेले की शुरुआत हो सकती है। कुंभ मेला 15 दिनों तक लगेगा। 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद फरवरी में छत्तीसगढ़ में आस्था का संगम देखने को मिलेगा। इसमें अयोध्या, काशी, मथुरा के साधु-संतों पधारेंगे। 



छत्तीसगढ़ का प्रयागराज है राजिम
राजिम को छत्तीसगढ़ का प्रयागराज कहा जाता है। यहां पर तीन नदियों महानदी, पैरी और सोंढूर का संगम है। इसे छत्तीसगढ़ का त्रिवेणी संगम कहा जाता है। इसी पवित्र संगम के बीच राजिम कुंभ लगता है। यहां कुलेश्वर महादेव का प्राचीन शिवमंदिर स्थापित हैं। पुराणों के अनुसार, वनवास के दौरान भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण सहित यहां आए थे। कुलेश्वर महादेव की स्थापना भगवान राम ने की थी। इसके अलावा राजिम के प्राचीन राजीवलोचन मंदिर का दर्शन करने भी श्रद्दालु दूर-दूर से पहुंचते हैं। 





भूपेश बघेल सरकार ने बदल दिया था नाम
बीजेपी की रमन सरकार में साल 2006 में राजिम कुंभ मेले की शुरुआत हुई थी। यह मेला लगातार 12 वर्ष तक चला। साल 2018 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद तत्कालीन सीएम भूपेश बघेल ने कुंभ का नाम बदलकर राजिम माघी पुन्नी मेला कर दिया था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed