Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   Raipur News ›   CG: Two new cases registered against hotel businessman Deepak for swindling ₹56 lakh

सीजी: नेताओं और बड़े अधिकारियों से करीबी का झांसा देकर 56 लाख की ठगी, होटल कारोबारी दीपक पर दो नए केस दर्ज

Sun, 15 Nov 2026 11:22 AM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर Published by: शबाहत हुसैन Updated Sun, 15 Nov 2026 11:22 AM IST
सार

रायपुर में ठेका दिलाने का झांसा देकर दो व्यवसायियों से 56 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। होटल कारोबारी दीपक टंडन और उसकी पत्नी के खिलाफ अब चार जिलों में आठ प्राथमिकियां दर्ज हैं। पुलिस 11 अन्य शिकायतों की भी जांच कर रही है।

 

विज्ञापन
CG: Two new cases registered against hotel businessman Deepak for swindling ₹56 lakh
भारतीय मुद्रा - फोटो : पीटीआई

विस्तार

राजधानी में नेताओं, मंत्रियों और शासन के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से नजदीकी संबंधों का झूठा दावा कर ठगी करने वाले होटल कारोबारी दीपक उर्फ आंबेडकर टंडन पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ धोखाधड़ी की दो और नई प्राथमिकियां दर्ज की हैं। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लि. (एसईसीएल) कोरबा में सुरक्षा गार्डों की तैनाती और कोयला परिवहन का ठेका दिलाने का झांसा देकर अभियुक्त ने दो व्यवसायियों से कुल 56 लाख रुपये की राशि ठग ली। इन दो नए मामलों के सामने आने के बाद अभियुक्त और उसकी पत्नी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

विज्ञापन


फर्जीवाड़े के दो नए मामले आए सामने
पुलिस के अनुसार पहला मामला रायपुर के कमल विहार निवासी विकास कुमार नागले की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पीड़ित विकास कुमार नागले रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप में बतौर प्रबंधक कार्य करते हैं। वर्ष 2022 के मई महीने में एक सुरक्षा एजेंसी के संचालक श्याम सिंह ठाकुर के माध्यम से विकास नागले की पहचान अभियुक्त दीपक टंडन से हुई थी। इसके बाद जुलाई, 2022 में अभियुक्त ने वीआईपी रोड स्थित होटल वेलकम श्री के समीप विकास नागले से 25 लाख रुपये की नकद राशि हासिल की। इस नकद राशि के बदले अभियुक्त ने गारंटी के तौर पर यस बैंक का एक चेक सौंपा था। वहीं दूसरा मामला सेजबहार निवासी सुरक्षा एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर की शिकायत पर दर्ज हुआ है। जून, 2022 में अभियुक्त दीपक टंडन ने झांसा देकर उनसे भी 31 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। इस राशि के एवज में अभियुक्त ने 3 अगस्त, 2022 की तारीख अंकित किया हुआ एक चेक उन्हें दिया था।
विज्ञापन


चेक बाउंस और जान से मारने की धमकी
अभियुक्त को बड़ी राशि सौंपने के बाद भी कई महीनों तक दोनों पीड़ितों में से किसी को भी एसईसीएल कोरबा में न तो सुरक्षा गार्डों की तैनाती का काम मिला और न ही कोयला परिवहन का ठेका हासिल हुआ। जब पीड़ितों ने अपनी दी हुई राशि वापस लौटाने की मांग की, तो अभियुक्त शासन के उच्च अधिकारियों से बातचीत जारी होने का हवाला देकर लगातार टालमटोल करता रहा। लंबे समय तक इंतजार करने के बाद जब पीड़ितों ने गारंटी के रूप में दिए गए चेक अपने बैंक खातों में भुगतान के लिए प्रस्तुत किए, तो अभियुक्त के खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए। चेक बाउंस होने के बाद जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस लेने के लिए कड़ा रुख अपनाया, तो अभियुक्त ने उन्हें एक होटल में बंधक बनाने और उनके परिजनों को जान से मार डालने की धमकियां देना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


चार जिलों में आठ मामले और जांच
जांच के दौरान पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि अभियुक्त कभी खुद को एसईसीएल का वरिष्ठ अधिकारी तो कभी मुख्य प्रबंध निदेशक बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अभियुक्त दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के विरुद्ध अकेले रायपुर जिले में पांच प्राथमिकियां दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त बिलासपुर, सक्ती और कोरबा जिलों में भी एक-एक प्राथमिकी दर्ज है। इस तरह पूरे राज्य में दंपती के खिलाफ आठ प्राथमिकियां दर्ज हो चुकी हैं। इसके अलावा 11 अन्य पुरानी शिकायतों की जांच भी पुलिस द्वारा गहनता से की जा रही है। वर्तमान में रायपुर के तेलीबांधा थाने की पुलिस दोनों नए मामलों में गहन जांच कर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed