रायगढ़: चरित्र शंका के चलते तकिए से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या, आरोपी पति को आजीवन कारावास की सजा
रायगढ़ जिले में चरित्र शंका को लेकर तकिये से अपनी ही पत्नी की मुंह दबाकर हत्या कर साक्ष्य छुपाने का प्रयास करने वाले हत्यारे पति को अपर सत्र न्यायाधीश ने आजीवन कारावास और जुर्माने से दंडित किया है।
विस्तार
रायगढ़ जिले में चरित्र शंका को लेकर तकिये से अपनी ही पत्नी की मुंह दबाकर हत्या कर साक्ष्य छुपाने का प्रयास करने वाले हत्यारे पति को अपर सत्र न्यायाधीश ने आजीवन कारावास और जुर्माने से दंडित किया है। मामला संक्षेप में इस प्रकार है कि तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिर्रामुड़ा में 29 अपै्रल 2022 की रात अभियुक्त अनिल कुमार बेहरा एवं मृतका खुशबू बेहरा के मध्य चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान गुस्से में आकर अभियुक्त ने तकिये से खुशबू के मुंह नाक को दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने साक्ष्य छुपाने के इरादे से पलंग से नीचे गिरने के कारण चोट आना बताकर खुशबु को तमनार के अस्पताल में भर्ती कराया हूं कहकर मृतका के परिजनों को सूचना दी। मृतका के माता-पिता तमनार अस्पताल पहुंचे तो उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी।
इस मामले में मृतका के पीएम रिपोर्ट हत्यात्मक प्रकृति का होना बताया गया जिसके बाद अभियुक्त की पोल खुल गई और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद तमनार थाना प्रभारी ने आरोपी के खिलाफ धारा 302, 201 के तहत अपराध दर्ज कर चालान न्यायालय में पेश किया गया।
अपर सत्र न्यायाधीश के विद्वान न्यायाधीश अभिषेक शर्मा ने प्रकरण में सुनवाई करते हुए सभी साक्षियों का बयान दर्ज किए तथा उभय पक्ष के तर्क श्रवण करने के पश्चात अभियुक्त अनिल कुमार बेहरा को हत्या का दोषी पाया जिसके बाद धारा 302 के तहत आजीवन कारावास एवं 01 हजार जुर्माना तथा धारा 201 के तहत 5 सा सश्रम कारावास एवं 01 हजार के जुर्माने से दंडित किया है। इस मामले में अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर ने पैरवी की।