Raigarh: दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल, वहीं लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं आदिवासी बाहुल्य इलाके में रहने वाले ग्रामीणों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विस्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को सक्ती जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार 25 जनवरी को जूटमिल थाना में पीड़िता अपने परिजनों के साथ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि करीब दो वर्ष पहले हसन लहरे से प्रेम संबंध था।
उसी दौरान हसन अपने किराये के मकान में जबरन शारीरिक संबंध बनाया और अपने साथ अपने गांव भी लेकर गया था। जहां करीबन डेढ साल तक साथ रहे। हसन अब शादी से इंकार कर अपने घर से भगा दिया है। हसन लहरे द्वारा वर्ष 2023 से शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने के आवेदन पर धारा 64(2)(ड), 65(1) बीएनएस, 6 पाक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी हसन लहरे को हिरासत में लिया गया और 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी कर न्यायिक रिमाण्ड पश्चात सलाखों के पीछे भेजा गया है।
लोन दिलाने के नाम पर ठगी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के आदिवासी बाहुल्य इलाके में रहने वाले भोले भाले ग्रामीणों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने पति पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कटंगपारा पिपराही निवासी सत्यनारायण सिदार ने 21 नवंबर 2024 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि सुनील तिग्गा नामक व्यक्ति ने Dream Alpha Omega Multitrade Services Pvt. Ltd. नामक कंपनी के बारे में जानकारी दी, जिसके डायरेक्टर इलियाजर कुमार और उनकी पत्नी अनिता बेक थे। इस कंपनी के माध्यम से किसी भी बैंक से लोन दिलाने का प्रलोभन दिया गया था।
इस तरह लिया गया झांसे में
शिकायतकर्ता और अन्य लोगों को बताया गया कि लोन का 50 प्रतिशत लाभार्थी को मिलेगा, 10 प्रतिशत एजेंट को, और 40 प्रतिशत कंपनी के डायरेक्टर को दिया जाएगा। कंपनी के सुनील और डायरेक्टर ने यह वादा भी किया था कि लोन की पूरी किस्त कंपनी ही भरेगी और 03 साल में पूरा लोन चुका दिया जाएगा।
तीन बैंकों से निकाले 14.80 लाख
इस प्रलोभन के तहत शिकायतकर्ता और अन्य ग्रामीणों ने अपने दस्तावेज सौंपा। शिकायतकर्ता सत्यनारायण सिदार के तीन बैंकों ग्रामीण बैंक लैलूंगा, स्टेट बैंक तमनार और आईसीआईसीआई बैंक रायगढ़ से 14.80 लाख रुपये का लोन निकाला गया।
08 लोगों की किश्ते नहीं चुकाई
प्रारंभिक समय में डायरेक्टर इलियाजर कुमार के द्वारा लोन की किस्तें 4.92 लाख रुपये किस्तें भरी गईं, जिससे प्रभावित होकर और भी लोग इस योजना से जुड़े। लेकिन जैसे-जैसे लोग बढ़े, कंपनी के डायरेक्टर ने लोन की किस्तें भरना बंद कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका 9.87 लाख रुपये बाकी रह गए हैं। इसी प्रकार अन्य 08 लोगों के लोन की किस्तें भी नहीं चुकाई गईं।
07 के खिलाफ हुआ एफआईआर
लैलूंगा पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी सुनील तिग्गा, डायरेक्टर इलियाजर कुमार, अनिता बेक और चार एजेंटों के खिलाफ धारा 420, 34 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों की तलाश करते हुए पुलिस ने 25 जनवरी को इलियाजर कुमार और अनिता बेक को अंबिकापुर के ठाकुरपारा से हिरासत में लिया।
अन्य आरोपी की तलाश जारी
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी में थाना प्रभारी लैलूंगा निरीक्षक राजेश जांगडे, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल एवं हमराह स्टाफ की विशेष भूमिका रही है।