सीजी: खेतों में फसलों की तबाही, अब महिला पर भी हमला; रायगढ़ के गांवों में जंगली सुअरों से ग्रामीणों में दहशत
रायगढ़ के रेंगालपाली सर्किल के कई गांवों में जंगली सुअरों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में डर का माहौल है। जंगली सुअरों के झुंड रात में खेतों में पहुंचकर मूंगफली समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कर्राजोर क्षेत्र में एक महिला पर जंगली सुअर के हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
विस्तार
रायगढ़ जिले के रेंगालपाली सर्किल में जंगली सुअरों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में भारी डर बना हुआ है। जंगल से बाहर निकलकर जंगली सुअर गांवों के आसपास और खेतों में दाखिल हो रहे हैं। जंगली सुअरों के झुंड रात के समय खेतों में पहुंचकर मूंगफली समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। बीते दिनों कर्राजोर क्षेत्र में एक जंगली सुअर ने एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में डर और चिंता और अधिक बढ़ गई है। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी है।
फसलों की तबाही से बढ़ा खौफ
रेंगालपाली सर्किल के अंतर्गत आने वाले झारमुड़ा, सारसमाल, लिंजिर, पुसलदा, जामपाली, सुर्री और कर्राजोर समेत आसपास के गांवों में जंगली सुअरों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। सुअरों के झुंड रात में खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसलों के नुकसान और महिला पर हुए हमले के कारण ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने तत्काल सुरक्षा और बचाव के उपाय करने का आग्रह किया है।
ये भी पढ़ें- सुकमा में ग्राम सभा का प्रस्ताव: ईसाई धर्म प्रचारकों के प्रवेश पर रोक, चर्च के लिए जमीन नहीं देने का फैसला
वन विभाग की कार्रवाई और निगरानी
ग्रामीणों से सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने प्रभावित गांवों और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। जंगली सुअरों को पकड़ने के लिए कर्राजोर में दो से तीन पिंजरे लगाए गए हैं। वन रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके का जायजा लिया गया था। महिला के घायल होने पर प्रकरण तैयार कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिंजरा लगाकर जंगली सुअर को पकड़ने की कोशिश की जा रही है और क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।