Raigarh: नाबालिग को भगाने वाला आरोपी पहुंचा जेल, वहीं चर्च के रूप में इस्तेमाल हो रहा हॉल तोड़ा गया
रायगढ़ जिले में नाबालिग को भगाले जाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं जिले में एक निजी जमीन पर हॉल बनाकर चर्च के रूप में उसका उपयोग कर रहे हॉल को आज हिंदु संगठन के नेताओं ने जमीन मालिक की उपस्थित में जेसीबी चलाकर उसे तोड़ा गया।
विस्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक परिजनों ने 03 जनवरी को जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि वह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का निवासी है और परिवार सहित जूटमिल में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है।
31 दिसंबर को जब वह और उसकी पत्नी काम पर गए हुए थे, तब उनकी नाबालिग बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई। रात्रि में वापस लौटने पर जब बेटी के गायब होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से पता करने की कोशिश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो थाने में शिकायत दर्ज कराई। जूटमिल पुलिस ने इस मामले में धारा 137(2) भान्यासं के तहत अज्ञात आरोपी पर अपराध दर्ज किया गया।
जूटमिल पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि अभिषेक यादव नामक युवक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अभिषेक यादव को हिरासत में लिया और लड़की को उसके कब्जे से सुरक्षित बरामद किया। पुलिस ने लड़की का बयान दर्ज करने के साथ-साथ मेडिकल परीक्षण कराया। आरोपी के खिलाफ शादी का प्रलोभन देकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करना पाते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 65(1), 87 और पोक्सो एक्ट की धारा 6 प्रकरण में विस्तार किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
हॉल पर चला बुलडोजर
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक निजी जमीन पर हॉल बनाकर चर्च के रूप में उसका उपयोग कर रहे हॉल को आज हिंदु संगठन के नेताओं ने जमीन मालिक की उपस्थित में जेसीबी चलाकर उसे तोड़ा गया। मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चोढ़ा में एक निजी जमीन पर हॉल बनाकर उसका चर्च के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। पिछले दिनों ग्रामीणों की शिकायत पर हिन्दू संगठन के लोग गाँव पहुंच कर उसे तोड़ने की मांग की गई थी, जिसके बाद हाल नहीं टूटने पर हिंदु संगठन के सदस्यों ने हाल में गंगा जल छिड़कर दिवार में स्वास्तिक का निशान बनाया था। जिसके बाद से उक्त हॉल को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा की चोढ़ा गांव निवासी संतोष राठिया की भूमि पर मुन्ना राठिया ने हाल का निर्माण कराया था जिसका उपयोग चर्च के रूप में किया जा रहा था। गांव के ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया था और उक्त हाल का उपयोग गांव के लिए सामुदायिक भवन के रूप में करने की मांग की गई। जिस पर कोई निर्णय नहीं हो सका।
हिन्दू संगठन के नेता अंशु टुटेजा और उनकी टीम ने जमीन मालिक संतोष राठिया से मिलकर बताया गया था कि उनके द्वारा विगत दिनों जिला प्रशासन से गुहार लगाकर उक्त हाल को तोड़ने के लिए आवेदन भी दिया था, लेकिन निजी जमीन होनें के चलते इस मामले में प्रशासन ने कोई कार्रवाई नही की थी। इसी क्रम में आज जमीन के मालिक ने गांव के सरपंच, पंच की उपस्थिति में अवैध रूप से बने चर्च पर जेसीबी चलाकर ढहाया गया है।