Kondagaon: कच्ची सड़क को लेकर संबलपुर में विरोध प्रदर्शन, ग्रामीणों ने कीचड़ में धान रोपकर जताया विरोध
कोंडागांव जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत संबलपुर के वार्ड क्रमांक 04 बड़े पारा के ग्रामीणों ने कच्ची सड़क की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस इलाके के निवासी सालों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं।
विस्तार
कोंडागांव जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत संबलपुर के वार्ड क्रमांक 04 बड़े पारा के ग्रामीणों ने कच्ची सड़क की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस इलाके के निवासी सालों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। गर्मी और ठंड के मौसम में किसी तरह गुजर-बसर कर लेते हैं, लेकिन बारिश के दिनों में कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है।
स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इस समस्या से परेशान हैं। कई बार स्लिप होकर गिरने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। स्थानीय निवासियों ने सरपंच, सचिव और पंच के सामने कई बार अपनी समस्याएं रखी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।
आखिरकार, हताश होकर ग्रामीणों ने कीचड़ और गड्ढों वाली इस सड़क पर धान का रोपा लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जब प्रशासन उनकी समस्या का समाधान नहीं कर रहा है, तो इस सड़क पर धान लगाकर कुछ आमदनी तो हो सकती है। इस अनूठे विरोध प्रदर्शन से ग्रामीणों ने अपनी व्यथा को उजागर किया।