सीजी: कोरबा में सीएसईबी के निर्माणाधीन प्लांट से उपकरण चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार; पूरा सामान बरामद
कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र में सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र से उपकरण चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये के चोरी गए औद्योगिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
विस्तार
दर्री थाना क्षेत्र स्थित सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र स्थल से औद्योगिक उपकरण चोरी करने वाले दो आरोपियों को दर्री पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत के चोरी गए उपकरण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी सुधीर जैन ने दर्री थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी की फर्म सिद्धि विनायक एसोसिएट्स सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र निर्माण स्थल पर कार्यरत है।
शिकायत के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने कार्यस्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल, कटर मशीन सहित अन्य महत्वपूर्ण औद्योगिक उपकरण चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर दर्री थाने में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पढे़ं: महादेव सट्टा एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ की कोर्ट में पेशी, कल ओमान से भारत लेकर आई थी सीबीआई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदेही रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से ये उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो नग पुरानी वेल्डिंग मशीन (VIVGO Plus कंपनी), एक नग 14 इंच की चश्मा मशीन (Bosch कंपनी), दो नग 4 इंच की प्लाई कटर मशीन और एक नग 7 इंच की ग्राइंडर मशीन बरामद की है। बरामद उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी उपकरण विधिवत जब्त कर साक्ष्य के रूप में शामिल किए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दर्री पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।