सीजी क्राइम: कोरबा में घर से गौमांस बरामद, आरोपी गिरफ्तार; पशु संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
कोरबा के पोटिया गांव में बांगो पुलिस ने विजय रोहिदास के घर से गौमांस बरामद किया है। आरोपी को छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मांस जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत पोटिया गांव में एक घर से गौमांस बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गांव के निवासी विजय रोहिदास को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि पोटिया गांव निवासी विजय रोहिदास ने अपने घर में गौमांस रखा है और उसे बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने एक घायल गाय को मारकर उसका मांस और हड्डियां घर लाकर रखी थीं।
पुलिस ने घर की तलाशी ली, जिसमें गौमांस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान गौ सेवक, बजरंग दल और हिंदू क्रांति सेना के सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। घटना की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि बांगो थाना क्षेत्र के पोटिया गांव में विजय रोहिदास के घर गौमांस रखे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली, जहां से गौमांस बरामद किया गया। पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद मांस जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।