Lok Sabha Elections: लोकतंत्र के यज्ञ में जोहतरीन ने दी आहुति,109 वर्ष की बुजुर्ग महिला ने किया मतदान
कोरर क्षेत्र के सेलेगांव की बुजुर्ग मतदाता जोहतरीन साहू हैं जिनकी आयु 109 वर्ष हैं उन्होंने भी अपना मत डालकर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
विस्तार
लोकसभा चुनाव के लिए कांकेर जिले में 85 वर्ष आयु से ऊपर एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए आज से मतदान आरम्भ हुआ। प्रशासन द्वारा गठित टीमें इन मतदाताओं के घर पहुंची और डाक मतपत्र के माध्यम से होम वोटिंग ली। मतदान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जिले में कुल 22 टीमों का गठन किया गया है।
बताया जा रहा है जिले में ऐसे मतदातओं की संख्या जिले में 340 है। जिसमें 85 वर्ष आयु से अधिक वर्ग के 219 और दिव्यांगजन मतदाताओं की संख्या 121 है। गठित टीमें 14 से 16 अप्रैल के बीच दुर्गम इलाकों सहित अन्य जगहों पर पहुंच कर मतदान ले रहे हैं।
इनमे कोरर क्षेत्र के सेलेगांव की बुजुर्ग मतदाता जोहतरीन साहू हैं जिनकी आयु 109 वर्ष हैं उन्होंने भी अपना मत डालकर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। वहीं एक दिव्यांग मतदाता ने लोकतंत्र के महापर्व में सुविधा प्रदान कराने के लिए चुनाव आयोग का धन्यवाद किया।