एमपी-सीजी पुलिस की बैठक: बॉर्डर में नक्सल मुवमेंट की रोकथाम को लेकर चर्चा, मिलकर चलाया जाएगा ऑपरेशन
लोकसभा चुनाव को देखते हुए एमपी-सीजी की पुलिस एक साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में काम करने वाली है। क्योंकि, कबीरधाम से लगे एमपी के बालाघाट व मंडला जिले में नक्सल मुवमेंट की जानकारी सामने आती रही हैं।
विस्तार
लोकसभा चुनाव को देखते हुए एमपी-सीजी की पुलिस एक साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में काम करने वाली है। क्योंकि, कबीरधाम से लगे एमपी के बालाघाट व मंडला जिले में नक्सल मुवमेंट की जानकारी सामने आती रहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए कबीरधाम एएसपी विकास कुमार की उपस्थिति में दोनों राज्य की पुलिस की बैठक चिल्फी में हुई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में हो रहे माओवादी गतिविधि, नक्सल अभियान की समीक्षा कर आगामी नक्सल अभियान की कार्ययोजना के संबंध में चर्चा की गई।
आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर सीमावर्ती संवेदनशील मतदान केन्द्र में सुरक्षित व शांतिपूर्ण मतदान कराने आपसी सहयोग करने, सीमावर्ती प्रमुख मार्ग में नाकाबंदी पाइंट लगाकर अवैध मादक पदार्थ, अवैध नगद रकम, अस्त्र शस्त्र आदि के परिवहन की रोकथाम एवं सीमावर्ती जिलों के स्थायी वारंटियों की पतासाजी व तामीली के संबंध में विस्तृत चर्चा किया गया। इस बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्र के थाना, कैंप प्रभारी, नक्सल सेल प्रभारी, सीमावर्ती राज्य मध्यप्रदेश के पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
गौरतलब है कि लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक छह राजनांदगांव के तहत कबीरधाम जिला आता है। इस जिले में दो विधानसभा क्षेत्र है, जिसमें पंडरिया व कवर्धा शामिल है। राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के लिए अधिसूचना 28 मार्च को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तारीख चार अप्रैल, नामांकन पत्र की संवीक्षा 5 अप्रैल, नामांकन पत्र की वापसी 8 अप्रैल, मतदान की तारीख 26 अप्रैल और मतगणना की तारीख चार जून और निर्वाचन प्राक्रिया समाप्ति तारीख 6 जून निर्धारित है। इस लोकसभा सीट से पूर्व सीएम भूपेश बघेल कांग्रेस की ओर से चुनावी मैदान में है। इसी प्रकार भाजपा की ओर से वर्तमान सांसद संतोष पांडेय चुनाव लड़ेंगे।