नारायणपुर में दिल दहलाने वाली वारदात: घर के बाहर टहल रहे युवक पर पहले डंडे से हमला, फिर चाकू से रेता गला
इस वारदात को नक्सली हमला नहीं माना जा रहा है, क्योंकि हत्या वाली जगह पर किसी भी तरह से ना तो कोई पर्चा मिला और ना ही कोई बैनर पोस्टर या कोई बयान जारी किया गया है।
विस्तार
नारायणपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के ओरछा साप्ताहिक बाजार में बुधवार की शाम को घर के बाहर टहल रहे जल जीवन मिशन के तहत काम करने वाले मजदूर को पैदल आए दो युवकों ने पहले सिर पर डंडा मारकर घायल किया, उसके बाद पास में रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई, वहीं लोग मौके से फरार हो गए।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि भिलाई जामुल का रहने वाला इकबाल मियां अपने दोस्तों के साथ नारायणपुर के मंडली गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन विस्तार का काम करने के लिए कुछ महीनों पहले आया हुआ था, बुधवार को ओरछा के साप्ताहिक बाजार के सामने ही घर होने के कारण वहां अपने एक अन्य साथी के साथ टहल रहा था, अचानक से पैदल आए दो युवकों ने पहले इकबाल से बात करते हुए पूछा शराब कहा मिलेगी।
बात करने के दौरान ही युवकों ने पीछे से डंडे से वार कर दिया, वहीं साथ खड़ा साथी वहां से फरार हो गया और सीधा एक किमी दूर ओरछा थाना पहुंचा, तब तक दोनों आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से युवक का गला भी रेत दिया, अचानक से बाजार के बीच हुई इस वारदात लोगों में भय का माहौल है। इसे नक्सली घटना नहीं माना जा रहा है, क्योंकि हत्या वाली जगह में किसी भी तरह से ना तो कोई पर्चा मिला और ना ही कोई बैनर पोस्टर या कोई बयान जारी किया गया।
घटना की जानकारी लगने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया और मृतक के साथ आए साथियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं इस मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार का कहना है कि हत्या को लेकर जांच की जा रही है। नक्सली घटना नहीं लगने की बात भी सामने आई, क्योंकि मृतक को मारने वाले पैदल आए और घटना को अंजाम देने के बाद भाग निकले, फिलहाल जांच जारी है।