स्ट्रेचर पर स्वास्थ्य व्यवस्था: वेंटिलेटर पर सुविधाएं, वाहन न मिलने पर बाइक से ले जाना पड़ा नवजात का शव
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के इलाके में इंसानियत ऐसी शर्मसार हुई कि वायरल वीडियो को देखकर हर शख्स यही कह रहा है जब स्वास्थ्य मंत्री के इलाके में ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था है तो अन्य इलाकों में क्या होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की बानगी एक बार फिर देखने को मिली है। कोरिया जिले के सोनहत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात की मौत के बाद शव बाइक में ले जाने का मामला सामने आया है। 22 मई को सुबह ग्राम पोंडी की रहने वाली पूजा ने यहां नवजात को जन्म दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद नवजात का शव घर तक ले जाने के लिए शव वाहन न मिलने पर परिजन बाइक में शव को ले जाने पर मजबूर हुए।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के इलाके में इंसानियत ऐसी शर्मसार हुई कि वायरल वीडियो को देखकर हर शख्स यही कह रहा है जब स्वास्थ्य मंत्री के इलाके में ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था है तो अन्य इलाकों में क्या होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया में जारी कर भरतपुर सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तंज कसा है। पूर्व विधायक स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और भरतपुर सोनहत की विधायक रेणुका सिंह को टैग कर सोशल मीडिया पर लिखा है कि विधायक मंत्री प्रचार में व्यस्त, नवजात तोड़ रहे हैं दम। शर्म है ऐसे स्वास्थ्य सिस्टम पर जहां मौत के बाद भी शव वाहन उपलब्ध नहीं होता।