{"_id":"69d35880f1480638bd0cdd22","slug":"murder-gorella-pendra-marwahi-news-c-1-1-noi1501-4131917-2026-04-06","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"GPM News: जादू-टोने के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पड़ोसी समेत दो अन्य गिरफ्तार, कुएं में फेंका था शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
GPM News: जादू-टोने के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पड़ोसी समेत दो अन्य गिरफ्तार, कुएं में फेंका था शव
Mon, 06 Apr 2026 01:48 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला पेंड्रा मरवाही
अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला पेंड्रा मरवाही
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 06 Apr 2026 01:48 PM IST
सार
गांव में जादू-टोने के शक में पड़ोसी ने अपनी पड़ोसिन महिला की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और शव को सबूत मिटाने के लिए घर के पास कुएं में फेंक दिया।
विज्ञापन
तीन आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडगार चौकी इलाके में जादू-टोने के शक में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक महिला की पहचान कौशल्या श्याम के रूप में हुई है, जो अपने घर में अकेली थी।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, आरोपी धीरपाल (50) के बेटे की करीब 3 से 5 महीने पहले इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद से ही धीरपाल मानसिक रूप से परेशान था और उसे संदेह था कि उसके बेटे की मौत जादू-टोने के कारण हुई है। इस शक के चलते उसने पड़ोस में रहने वाली कौशल्या श्याम को जिम्मेदार ठहराया और उससे रंजिश रखने लगा।
विज्ञापन
इसी रंजिश के चलते धीरपाल ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। घटना वाले दिन आरोपी ने महिला को घर में अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पत्थर से उसके सिर पर वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला के परिजन घर पहुंचे। घर के दरवाजे पर खून के निशान देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद आसपास तलाश करने पर घर के पास स्थित कुएं में महिला का शव दिखाई दिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदेह के आधार पर पड़ोसी धीरपाल को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी धीरपाल ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
1. धीरपाल सिंह श्याम (41 वर्ष)
2. संतोष कोर्राम (41 वर्ष)
3. सोनसाय प्रजापति (19 वर्ष)