{"_id":"6a93ccfbde7608e339057c1f","slug":"a-young-man-and-a-young-woman-riding-a-scooter-attacked-the-young-man-with-a-knife-the-young-man-died-during-treatment-durg-bhilai-news-c-1-1-noi1483-4666692-2026-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"छत्तीसगढ़: भिलाई में मामूली बात पर चाकूबाजी, युवक को चाकू से गोदा; इलाज के दौरान मौत, आरोपी फरार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छत्तीसगढ़: भिलाई में मामूली बात पर चाकूबाजी, युवक को चाकू से गोदा; इलाज के दौरान मौत, आरोपी फरार
Sun, 30 Aug 2026 02:47 PM IST
दुर्ग-भिलाई ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दुर्ग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दुर्ग
Published by: दुर्ग-भिलाई ब्यूरो
Updated Sun, 30 Aug 2026 02:47 PM IST
सार
Chhattisgarh News: दुर्ग के भिलाई में शनिवार देर रात नेहरू नगर चौक पर मामूली विवाद में स्कूटी सवार युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती शिव कुमार सिंह की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात नेहरू नगर चौक पर मामूली बात को लेकर चाकूबाजी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक अपने साथी के साथ घर से निकला था और नेहरू नगर चौक पर स्कूटी सवार युवकों से उसका विवाद हुआ। स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक को चाकू से गोद दिया और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
लिफ्ट मांगते समय स्कूटी सवारों से हुआ विवाद
पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे की है। मृतक की पहचान शिव कुमार सिंह, निवासी कैंप-01 भिलाई के रूप में हुई है। मृतक शिव कुमार अपने दोस्त शिशांत के साथ चिचोला जाने के लिए निकला था। रात में नेहरू नगर चौक पर रुककर वह लिफ्ट मांग रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर दो युवक और एक युवती वहां पहुंचे। शिव कुमार ने स्कूटी सवारों को रुकवाया। इस दौरान उनके बीच बहस हो गई।
विज्ञापन
बहस बढ़ी तो चाकू से हमला, अंडरब्रिज की ओर भागे आरोपी
बहस देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि स्कूटी सवार युवक ने शिव कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी नेहरू नगर अंडरब्रिज की ओर से टाउनशिप की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिव कुमार को हाईटेक अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
इलाज के दौरान मौत
हाईटेक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद शिव कुमार को शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें: अगले पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में जलभराव; नदी में युवक बहा, रेस्क्यू जारी
आरोपियों की पहचान में जुटी टीम
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस स्कूटी सवार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
तीन दिन में चाकूबाजी की कई घटनाएं, दो लोगों की मौत
आपको बता दें कि दुर्ग जिले में लगातार तीन दिनों से विभिन्न थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है। लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने पुलिस की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।